1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पेट्रोल पंप पर बाइक रुकते ही जमीन पर गिरा शख्स, कैमरे में कैद हुई मौत की घटना; देखें VIDEO

पेट्रोल पंप पर बाइक रुकते ही जमीन पर गिरा शख्स, कैमरे में कैद हुई मौत की घटना; देखें VIDEO

यूपी के ललितपुर जिले में एक शख्स की अचानक से मौत हो गई। ये घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में शख्स को बाइक से उतरते ही जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

बाइक से उतरते समय हुई मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बाइक से उतरते समय हुई मौत।

ललितपुर: जिले के मड़ावरा इलाके में एक शख्स की देखते ही देखते अचानक मौत हो गई। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जानकारी के मुताबिक शख्स अपने दोस्त के साथ पेट्रोल पंप पर गया था। बाइक रुकने के बाद वह उतर रहा था, तभी अचानक से वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दोस्त के साथ पेट्रोल पंप पर गया था शख्स

दरअसल, मड़ावरा क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 45 वर्षीय भजन गायक की पेट्रोल पंप पर अचानक मौत हो गई। वह बाइक से पेट्रोल लेने पहुंचे थे और जैसे ही उतरे, वहीं गिर पड़े। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मड़ावरा के गांव टोरी निवासी 45 वर्षीय हरवल अहिरवार पुत्र बंशी अहिरवार पांच भाई में बड़े थे। वह रविवार की सुबह अपने दोस्त सुकन के साथ लुहर्रा गांव में होने वाले कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में सौजना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक रुकते ही हरवल अचानक गिर पड़े।

अस्पताल में घोषित किया मृत

उनके साथी और पेट्रोल पंप कर्मियों ने उन्हें उठाकर सीपीआर देने और हाथ-पैर मलने की कोशिश की, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। तत्काल एम्बुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के मुताबिक हरवल अविवाहित थे और धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति माने जाते थे। वह भजन-कीर्तन गाने का काम करते थे और गांव-गांव जाकर कार्यक्रमों में शामिल होते थे।

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

हरवल अहिरवार के दोस्त सुकन ने बताया कि हरवल बिल्कुल स्वस्थ थे और किसी बीमारी की शिकायत नहीं थी। सुबह साथ में कीर्तन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में अचानक यह हादसा हो गया। घटना के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हरवल को बाइक से उतरते ही जमीन पर गिरते हुए देखा जा सकता है। (इनपुट- आकाश राठौड़)