A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सालियों पर आया जीजा का दिल, दो बहनों से शादी के बाद तीसरी के प्यार में पागल, बिजली टॉवर पर चढ़ा; हाई वोल्टेज ड्रामा

सालियों पर आया जीजा का दिल, दो बहनों से शादी के बाद तीसरी के प्यार में पागल, बिजली टॉवर पर चढ़ा; हाई वोल्टेज ड्रामा

यूपी के कन्नौज में युवक अपनी साली से शादी करने की जिद लेकर बिजली टॉवर पर चढ़ गया और सात घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। परिजन जब शादी कराने की मांग मान लिए तब जाकर युवक नीचे उतरा।

 साली के प्यार में पागल जीजा ब्याह करने की जिद्द लिए टावर पर चढ़ा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT साली के प्यार में पागल जीजा ब्याह करने की जिद्द लिए टावर पर चढ़ा

कन्नौजः यूपी के कन्नौज में साली से शादी की जिद पर अड़े जीजा ने शोले फ़िल्म का सीन जीवंत कर वीरू बन गया। साली से शादी करने पर परिजनों ने मना किया तो जीजा चुपचाप बिजली की 33 हजार वोल्ट लाइन के टॉवर पर चढ़ गया और वहीं से साली को बसंती बता शादी कराने की जिद करने लगा। युवक के टॉवर पर चढ़ने से हड़कंप मच गया और पुलिस व बिजली विभाग के अफसर उसकी मान मनौव्वल मे लग गये। युवक ने अपना नाम नवल किशोर उर्फ राज सक्सेना बताया है। 

युवक ने सात घंटे तक किया हाई वोल्टेज ड्रामा

हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच करीब 7 घंटे बाद जब परिजनों ने साली से शादी का आश्वासन दिया उसके बाद युवक टॉवर से उतरा। युवक अपनी तीसरी साली से शादी की जिद पर अड़ा था। युवक को बिजली टॉवर से उतारने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में भी वह बार-बार कहता रहा कि वह अपनी साली से शादी करके ही मानेगा। 

तीसरी नंबर की साली पर आया दिल

जानकारी के मुताबिक, छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव का युवक राज सक्सेना अपनी सालियों के प्यार मे पागल दिखा। पहली शादी के कुछ दिन बाद उसका दिल अपनी दूसरे नंबर की साली पर आ गया। जिद कर उसने अपनी साली से शादी कर ली। शादी के कुछ दिन बाद पहली पत्नी उसे छोड़कर घर से चली गयी। शादी के दो साल बाद आशिक मिजाज राज का दिल अपनी तीसरे नंबर की साली पर आ गया। 

यहां देखें वीडियो

शोले फिल्म का डायलाग मारता रहा युवक

राज के मुताबिक साली भी उसे प्यार करती है। सुबह साली से प्यार और शादी करने की बात पत्नी से कही तो वह आगबबूला हो गयी और किसी भी कीमत पर अपनी बहन के साथ शादी न कराने का दो टूक जवाब पति को दे दिया। पत्नी के जवाब से परेशान युवक साली के प्यार में पागल जीजा घर से थोड़ी दूर स्थित 33 हजार केवी के बिजली टॉवर पर चढ़ गया और हाइवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। युवक करीब 7 घंटे टॉवर पर चढ़ धर्मेंद्र की तरह शोले के डायलॉग मारता रहा।

इस दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ और पुलिस मौके पर पहुंच गयी। सबने उसे उतारने के बहुत कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। आखिर जब परिवार वालों ने उसे साली के शादी कराने का आश्वासन दिया तब वह शाम करीब 4 बजे नीचे उतरा। साली से शादी की सोच सोचकर युवक खुशी से फूला नहीं समा रहा है। उसका कहना है वह खुशी खुशी पत्नी और साली के साथ जिंदगी गुजर बसर करेगा। 

रिपोर्ट- सुरजीत, कन्नौज