कानपुर में सड़क पर पेशाब करने से रोकना 47 साल के अमित कुमार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने विरोध करने पर उन्हें घेर लिया और जमकर मारपीट की। इसी दौरान अमित के सिर पर ईंट से कई वार किए गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार देर शाम उनकी मौत हो गई। घटना काकादेव थाना क्षेत्र में ओम चौराहे के पास शनिवार रात करीब 11 बजे हुई। पूरी वारदात घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में चार युवक अमित के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।
दुकान बंद कर लौटते समय हुआ विवाद
नवीन नगर निवासी अमित कुमार काकादेव में प्रेम ऐड नाम से दुकान चलाते थे। शनिवार रात वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ओम चौराहे के पास कुछ युवक शराब पीकर खड़े थे। आरोप है कि युवकों में से एक सड़क पर पेशाब करने लगा। अमित ने उसे ऐसा करने से मना किया। इसी बात को लेकर युवक उनसे उलझ गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई और वहां मौजूद अन्य युवक भी अमित के साथ विवाद में शामिल हो गए।
चार युवकों ने की मारपीट
मृतक के बेटे रुद्र प्रताप सिंह के मुताबिक, पिता ने जब युवक को सड़क पर पेशाब करने से रोका तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ मौजूद युवकों ने भी अमित का विरोध किया और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि चार युवकों ने अमित के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी धमकाया और मारपीट की। इसी दौरान अमित के सिर पर ईंट से कई वार किए गए। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अमित सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
दो दिन इलाज के बाद मौत
हमलावरों के जाने के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके साथ ही अमित के परिजनों को भी जानकारी दी गई। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो अमित गंभीर हालत में मिले। उन्हें तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें अनुराग अस्पताल रेफर कर दिया। यहां अमित का दो दिन तक इलाज चला, लेकिन सोमवार देर शाम उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हत्या की इस घटना में CCTV फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत बन गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में चार युवक अमित के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वारदात के दौरान घटनास्थल के पास लोगों की भीड़ भी दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है और उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कराने में जुटी है।
पुलिस गिरफ्त से बाहर आरोपी
परिजनों का कहना है कि घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड होने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों ने पुलिस आयुक्त से मुलाकात कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। उनका कहना है कि मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि अमित की जान चली गई।
जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन
काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उपचार के दौरान अमित कुमार की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। (इनपुट- अनुराग श्रीवास्तव)
यह भी पढ़ें-
मुंबई में PM मोदी के कार्यक्रम से पहले पकड़े गए दो संदिग्ध, बंदूक और फर्जी पहचान पत्र बरामद