1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ का उत्पाती 'चुलबुल पांडे', दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर जमाया कब्जा, जमकर की तोड़फोड़; देखें VIDEO

हापुड़ का उत्पाती 'चुलबुल पांडे', दरोगा की टोपी पहन कुर्सी पर जमाया कब्जा, जमकर की तोड़फोड़; देखें VIDEO

यूपी के हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक उत्पाती शख्स ने पुलिस चेक पोस्ट में जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान उसने तोड़फोड़ भी की।

उत्पाती ने दरोगा की कुर्सी पर जमाया कब्जा।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT उत्पाती ने दरोगा की कुर्सी पर जमाया कब्जा।

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यह पूरी घटना देर रात की बताई जा रही है, जिस समय चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मी इलाके में गश्त पर निकले हुए थे। हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ रोड पर स्थित 'पुलिस चेक पोस्ट' पर रात के सन्नाटे में उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां पुलिसकर्मियों की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर एक शराबी युवक अंदर घुस गया। युवक ने न सिर्फ वहां रखी दरोगा की कुर्सी पर अपना कब्जा जमाया, बल्कि पुलिस की आधिकारिक टोपी को अपने सिर पर पहनकर पूरी तरह 'चुलबुल पांडे' स्टाइल में बैठ गया।

खुद को समझने लगा इंचार्ज

देर रात चेक पोस्ट पर किसी भी सुरक्षाकर्मी के न होने के कारण शराबी युवक की दबंगई इस कदर बढ़ गई कि वह खुद को ही वहां का इंचार्ज समझने लगा। इस दौरान वहां से गुजरने वाले लोगों और किसी काम से आए फरियादियों के साथ वह अभद्र व्यवहार करने लगा और चेक पोस्ट पर रखी जरूरी फाइलों व सरकारी कागजातों को उलट-पुलट कर चेक करने लगा। इस अजीबोगरीब वाकये को देख वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बना लिया, जिसमें वह बिना किसी खौफ के रात के समय पुलिस की गरिमा के साथ सरेआम खिलवाड़ करता दिख रहा है।

जमकर किया हंगामा

चेक पोस्ट के अंदर हंगामा काटने के बाद इस शराबी युवक का ड्रामा यहीं नहीं रुका। वह बाहर निकल आया और सड़क पर लगे पुलिस चेक पोस्ट के सरकारी बोर्ड और आसपास रखे गमलों को लात मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वह बीच सड़क पर आने-जाने वाले राहगीरों और बाइक सवारों के आगे आकर उनके साथ हाथापाई और गाली-गलौज करने लगा, जिससे व्यस्त गढ़ रोड पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने जब स्थिति को बेकाबू होते देखा, तो मामले की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया

घटना की जानकारी मिलते ही हापुड़ देहात थाने की पुलिस टीम तुरंत गढ़ रोड स्थित चेक पोस्ट पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद इस उपद्रवी शराबी युवक को हिरासत में लिया। पुलिस वाहन में बैठाए जाने के बाद भी युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ और वह पुलिसकर्मियों के सामने ही बड़ी-बड़ी धमकियां देता रहा। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और लोग इस व्यस्त चेक पोस्ट की सुरक्षा में हुई इतनी बड़ी लापरवाही पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। (इनपुट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

पुरी में रथयात्रा के दौरान चोरों ने साफ किए हाथ, पुलिस ने अबतक 103 को किया गिरफ्तार, 203 मोबाइल बरामद