1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मथुरा में दहेज के लिए गला दबाकर महिला की हत्या, ससुराल पर बुलेट और 5 लाख कैश मांगने का आरोप; 6 के खिलाफ केस दर्ज

मथुरा में दहेज के लिए गला दबाकर महिला की हत्या, ससुराल पर बुलेट और 5 लाख कैश मांगने का आरोप; 6 के खिलाफ केस दर्ज

मथुरा में एक शादीशुदा महिला की हत्या कर दी गई है। इसका आरोप उसके ससुराल वालों पर लगा है। मृतक महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि ससुरालियों ने 5 लाख रुपये कैश और बुलेट की मांग की थी।

मथुरा में ससुरालियों...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT मथुरा में ससुरालियों पर लगा विवाहिता की गला दबाकर हत्या का आरोप।

यूपी में मथुरा के थाना जैत क्षेत्र के चौमुहां गांव में विवाहिता शीतल की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के भाई मानसिंह ने पति समेत 6 ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब 12 लाख रुपये खर्च करने के बावजूद शीतल से 5 लाख रुपये कैश और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। जानें ये पूरा मामला क्या है।

23 जून 2023 को हुई थी शादी

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ क्षेत्र स्थित प्रहलादपुर के मजरा डीग निवासी मानसिंह के मुताबिक, उनकी बहन शीतल की शादी 23 जून 2023 को चौमुहां निवासी जयगोपाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शीतल को प्रताड़ित किया जाने लगा। शिकायत में मारपीट और गर्भावस्था के दौरान जबरन गर्भपात कराने के आरोप भी लगाए गए हैं।

मारपीट कर गला दबाने का है आरोप

मानसिंह का आरोप है कि 22 अक्टूबर 2026 को दहेज की मांग पूरी न होने पर शीतल के साथ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले में पति जयगोपाल, सास जमुना, ससुर धीमू, ननद गुड़िया, गिरधारी और संजू को नामजद किया गया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमें इंसाफ चाहिए। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी होनी चाहिए।

गिरफ्तारी न होने पर परिवार ने उठाए सवाल

पीड़ित परिवार का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के कई दिन बाद भी किसी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। सीओ वरुण कुमार के अनुसार, थाना जैत में मुकदमा दर्ज कर विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इससे पहले, देवरिया में ननद, पति और देवर की तरफ से दहेज के लिए 3 लाख की सुपारी देकर हत्या कराने का मामला सामने आया था। जांच के बाद पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया था।

(इनपुट- विपिन सारस्वत)

ये भी पढ़ें- दहेज के लिए महिला को छत से नीचे फेंका, पैर टूटा; ससुराल वालों पर जहरीला इंजेक्शन देने का भी आरोप