Mathura Cylinder Explosion: यूपी के मथुरा में सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया है। यहां चौमुहां ब्लॉक के गांव भोगांव में रविवार तड़के गैस सिलेंडर फट गया। इसका धमाका इतना जोरदार था कि पूरे मकान में दरारें पड़ गईं। गनीमत यह रही कि बिजली कटौती के कारण बच्चे दूसरे कमरे की छत पर सो रहे थे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
गैस सिलेंडर फटने से पूरा मकान क्षतिग्रस्त
जानकारी के अनुसार, गांव भोगांव की रहने वाली रामवती, मजदूरी करके किसी तरह अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। रविवार सुबह करीब 5 बजे रामवती रसोई में चाय बनाने के बाद बाहर पशुओं को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान, अचानक रसोई में रखे गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और रामवती का दो कमरों का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ऐसे बची घर में मौजूद लोगों की जान
इस हादसे में एक चमत्कारिक पहलू यह रहा कि सुबह करीब 4 बजे गांव की बिजली कट गई थी। गर्मी और उमस के कारण रामवती के चारों बच्चे कमरे से निकलकर दूसरे पक्के कमरे की छत पर सोने चले गए थे। अगर बिजली ना जाती और बच्चे कमरे के अंदर सो रहे होते, तो बड़ा नुकसान हो सकता था। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। तब चारों ओर धूल का गुबार और मलबे का ढेर नजर आ रहा था।
धमाके में नष्ट हो गया गृहस्थी का पूरा सामान
पीड़ित रामवती ने बताया कि वह बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करती है। इस हादसे में उसकी पूरी गृहस्थी, खाने-पीने का सामान और कपड़े मलबे में दबकर नष्ट हो गए हैं। सिलेंडर फटने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
ब्लास्ट में उड़ गई कमरे की छत
ग्रामीणों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की छत और दीवारें पूरी तरह गिर गईं। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
(इनपुट- विपिन सारस्वत)
ये भी पढ़ें- कमरा दिखाने के बहाने नाबालिग को ले गए हॉस्टल, 5 घंटे तक बंधक बनाया और 2 दोस्तों संग मिलकर युवक ने किया गैंगरेप; पीड़िता ने सुनाई आपबीती