1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दहेज के लिए खरीद कर लाई गई नई बाइक मैरिज हॉल से चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

दहेज के लिए खरीद कर लाई गई नई बाइक मैरिज हॉल से चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात

मथुरा के गोवर्धन में बाइक चोरी हो गई है। यह वही बाइक है जो एक पिता ने अपनी बेटी की शादी में दामाद को देने के लिए खरीदी थी। इस वारदात का वीडियो CCTV में रिकॉर्ड हो गया है।

Govardhan Bike Theft CCTV- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT मथुरा में दहेज के लिए लाई गई बाइक चोरी हो गई है।

Mathura Theft Case: यूपी के मथुरा के गोवर्धन में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिनदहाड़े बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। ये मामला गोवर्धन थाना क्षेत्र के बड़ी परिक्रमा मार्ग का है, जहां बाइक चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए मैरिज होम के बाहर खड़ी बाइक को दिनदहाड़े चोरी कर लिया।

मैरिज हॉल के बाहर से चोरी हो गई बाइक

बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के गांव अन्यौर निवासी कृष्णा ने अपनी दो बेटियों की शादी, जो कि 7 मार्च को होनी तय थी, उसके लिए दहेज में देने के लिए दो मोटरसाइकिलें खरीदी थीं। शादी की तैयारियों के चलते दोनों बाइक परिक्रमा मार्ग स्थित एक मैरिज होम के बाहर खड़ी थीं, जहां परिवार के लोग हलवाइयों की व्यवस्था में लगे हुए थे।

CCTV फुटेज में बाइक चुराता दिखा चोर

इसी दौरान, मौका पाकर एक चोर मैरिज होम के बाहर खड़ी बाइक को लेकर फरार हो गया। जब पिता कृष्णा को बाइक चोरी की जानकारी मिली तो उनके होश उड़ गए। इसके बाद मैरिज होम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक युवक बाइक चोरी करता साफ दिखाई दे रहा है।

शादी से पहले बेटियों का पिता परेशान

इस घटना की सूचना तुरंत डायल 112 और थाने को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज व तहरीर के आधार पर बाइक की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि अब पिता कृष्णा के लिए दूसरी बाइक का इंतजाम करना मुश्किल हो गया है और बेटियों की शादी की खुशियों पर भी इस घटना का असर पड़ गया है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर बाइक की तलाश में जुटी है, जबकि आज ही कृष्णा की बेटियों की बारात आने वाली है। इस चोरी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगा रहे हैं।

(इनपुट- मोहन श्याम शर्मा)

ये भी पढ़ें- कुत्ते के पेशाब करने पर हुई मारपीट, व्यायाम कर रहे वरिष्ठ नागरिकों ने शख्स को पीटा; सामने आया VIDEO