1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बुरे फंसे मौलाना जर्जिस! यूपी के अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ दी गईं 95 तहरीरें; श्रीकृष्ण को बताया था 'नमाजी'

बुरे फंसे मौलाना जर्जिस! यूपी के अलग-अलग जिलों में उनके खिलाफ दी गईं 95 तहरीरें; श्रीकृष्ण को बताया था 'नमाजी'

मौलाना जर्जिस अंसारी की हिंदू धर्म पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में मुश्किलें बढ़ गई हैं। पिछले 24 घंटे में जर्जिस के खिलाफ यूपी में 95 अलग-अलग जगहों पर शिकायतें दर्ज कराई गई हैं।

Maulana Jarjis Ansari controversy- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT बढ़ गईं भगवान कृष्ण पर विवादित बयान देने वाले मौलाना जर्जिस की मुश्किलें।

यूपी के इटावा के रहने वाले मौलाना जर्जिस अंसारी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल, भगवान श्रीकृष्ण को 5 वक्त का नमाजी बताने और हिंदू धर्म पर अन्य अनर्गल टिप्पणियां करने के मामले में जर्जिस के खिलाफ 1 FIR दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में जर्जिस के विरुद्ध 95 तहरीर भी दी गई हैं। दूसरी तरफ, जर्जिस अंसारी का विरोध भी तेज हो गया है, हिंदू संगठन जर्जिस के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मौलाना जर्जिस ने भगवान श्रीकृष्ण को कहा था 5 वक्त का नमाजी

बता दें कि मौलाना जर्जिस अंसारी ने बीते 23 जून को झारखंड में की गई तकरीर में भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, हिंदू धर्म की पूजा पद्धति और यूपी के सीएम योगी को लेकर विवादस्पद टिप्पणी की थी। मौलाना जर्जिस ने कहा था कि कृष्ण जी भी 5 वक्त की नमाज पढ़ा करते थे। इसे आप श्रीमद्भगवद्गीता के छठे अध्याय के दसवें मंत्र में देख सकते हैं। इसको साबित करने के लिए जर्जिस अंसारी ने कहा, 'योगी युञ्जीत सततमात्मानं रहसि स्थितः। एकाकी यतचित्तात्मा निराशीरपरिग्रहः।।'

जर्जिस पर श्रीमद्भगवद्गीता की गलत व्याख्या करने का भी आरोप

फिर इस श्लोक की कथित रूप से गलत व्याख्या करते हुए जर्जिस अंसारी ने बताया कि श्लोक में कृष्ण जी, अर्जुन से कह रहे हैं कि ऐ अर्जुन, जब ईश्वर की पूजा करो, तो पूरे शरीर का योग करो। पूजा सिर्फ खड़े होकर नहीं, बल्कि पूरे शरीर के साथ होनी चाहिए। लेकिन आज हिंदू धर्म में तो महज ऐसे हाथ उठाएंगे, 'ओम नमः शिवाय' कहेंगे और हो गई पूजा।

इस्लाम सिर्फ मुसलमानों का धर्म नहीं है, ये उनका भी धर्म है। इसी दीन और इसी धर्म को रामचंद्र जी और कृष्ण जी ने भी पेश किया। ये सिर्फ मुसलमानों का नहीं है: मौलाना जर्जिस

लखनऊ में FIR दर्ज कराने पहुंची थी हिंदू महासभा

विवाद बढ़ने के बाद मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ FIR दर्ज कराने के लिए हिंदू महासभा के कार्यकर्ता लखनऊ में हजरतगंज थाने में पहुंचे थे। इस दौरान, हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी बोले कि हम FIR दर्ज कराने आए हैं। सीएम योगी से अपील है कि वे न्याय करें और इस बार बुलडोजर का मुंह इटावा की ओर मोड़ दीजिए। इस बार मौलाना जर्जिस का इलाज जरूर कर दीजिए।

ये भी पढ़ें- 'आज अयोध्या कोई नहीं आता जाता, कोर्ट ने आस्था की बुनियाद पर फैसला दिया', मौलाना अरशद मदनी ने दिया विवादित बयान