1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मायावती ने 3 सेक्टर्स में बांटी BSP, यूपी-उत्तराखंड रखा अपने पास; भारी बारिश के बीच लोगों की मदद की अपील भी की

मायावती ने 3 सेक्टर्स में बांटी BSP, यूपी-उत्तराखंड रखा अपने पास; भारी बारिश के बीच लोगों की मदद की अपील भी की

मायावती ने BSP संगठन को 3 सेक्टर्स में बांटने का ऐलान किया है। इसके साथ ही मायावती ने कहा है कि जो राज्य भारी बारिश से ज्यादा प्रभावित हैं, वह वहां पर ईशान आनंद को भी भेज सकती हैं।

BSP three sectors- India TV Hindi
Image Source : PTI (फाइल फोटो) मायावती ने BSP को 3 सेक्टर्स में बांट दिया है।

BSP सुप्रीमो मायावती ने पार्टी को 3 सेक्टर्स में बांटने का ऐलान किया है। मायावती ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी है। मायावती ने अपने पोस्ट में बताया कि देश में BSP संगठन को तैयार करने और सर्वसमाज में पार्टी के जनाधार को बढ़ाने के लिए अब पार्टी संगठन को तीन सेक्टर्स में बांट दिया गया है। इसके तहत सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्य आते हैं, जिनको BSP राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव, ये दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं।

सेक्टर नंबर-3 में खुद पार्टी का कार्य देखेंगी मायावती

मायावती ने आगे बताया कि सेक्टर नंबर-2 में 9 राज्य आते हैं, जिनको पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतरसिंह राव, ये दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी मिलकर यहां पार्टी के सभी कार्य देख रहें हैं। इसके अलावा, सेक्टर नंबर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड आते हैं, जिनको लखनऊ पार्टी केंद्रीय कैंप कार्यालय 9 मॉल एवेन्यू की तरफ से सीधा देखा जा रहा है। यानी मायावती उन्हें खुद देख रही हैं।

आंधी-तूफान की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रही जनता

अपने पोस्ट में मायावती ने आंधी-पानी की आफत का भी जिक्र किया। मायावती ने लिखा कि पिछले कुछ दिनों से देश के अलग-अलग भागों में भारी वर्षा, आंधी और तूफान के कारण जनता काफी मुश्किल दौर से गुजर रही है। ऐसे कुदरती विकट हालात में सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर पूरी-पूरी मदद करनी चाहिए। BSP की यह मांग है।

सामर्थ्य के हिसाब से मदद करें लेकिन पैसे इकट्ठा ना करें

BSP सुप्रीमो ने ये भी कहा कि महाराष्ट्र के काफी इलाकों में सूखे की मार झेल रहें लोगों और खासकर किसानों के प्रति राज्य सरकार को केवल औपचारिकता नहीं बल्कि पीडि़तों की ग्राउंड लेवल पर सही से मदद करके किसानों को फौरी राहत देने का प्रयास करना चाहिए। ऐसे में लोगों के कुदरती मार पड़ने से खासकर सेक्टर नंबर-1 और सेक्टर नंबर-2 के इन चारों केंद्रीय सेक्टर प्रभारियों से यह अपील करती हूं कि वे अपने-अपने सेक्टर के में आने वाले सभी राज्यों में, जहां-जहां भारी बारिश व तूफान आदि के कारण जबरदस्त जानी, माली, तबाई मची हुई है, वहां अपनी पार्टी के लोग भी अपनी सामर्थ्य के हिसाब से उनकी मदद जरूर करें। लेकिन इसके लिए इनको कोई भी अलग से धन इकट्ठा नहीं करना है। ताकि इसकी आड़ में कोई भी नाजायज फायदा ना उठा सके। 

ज्यादा प्रभावित राज्यों में ईशान आनंद को भेज सकती हैं मायावती

मायावती ने ये भी कहा कि जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित प्रदेशों में, मैं BSP के राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भी भेज सकती हूं। और इस मामले में खासकर सेक्टर नंबर-3 के दोनों राज्यों में मेरी खुद भी पैनी नजर है। जहां मैं खुद भी ऐसे क्षेत्रों का दौरा कर सकती हूं। आखिर में, मेरी केंद्र सरकार से अपील है कि वे देश के ज्यादा प्रभावित हो रहे राज्यों में, वहां कि सरकारों की समय से पूरी-पूरी मदद जरूर करें, जो यह उचित होगा। जान लें कि मायावती ने हाल ही में ईशान आनंद को BSP का राष्ट्रीय संयोजक बनाया था।

यूपी के करीब 63 जिले भारी बारिश से प्रभावित

बता दें कि इस वक्त उत्तर प्रदेश के लगभग 63 जिले भारी बारिश की चपेट में हैं। बारिश की वजह से लखनऊ, कानपुर और गोरखपुर के सिटी इलाके फ्लड जोन में तब्दील हो गए हैं। सड़कों पर पानी बह रहा है। लोगों के घर-मकान पानी की चपेट में हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कानपुर, लखनऊ, गोंडा, गोरखपुर और श्रावस्ती समेत कई जिले इस वक्त भारी बारिश चपेट में हैं। यहां रिहायशी इलाकों में पानी भरा हुआ है। साथ ही, देवरिया, मऊ, गोरखपुर और बलिया के ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश के चलते पावर कट है। सैकड़ों स्पॉट पर पेड़-पोल गिर गए हैं।

ये भी पढ़ें- मायावती ने बोला अखिलेश यादव पर हमला, बोलीं- 'मुस्लिम समाज को कड़वी हकीकत का एहसास है'