A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शराब न मिलने पर होमगार्ड ने ठेके पर छिड़का पेट्रोल और लगा दी आग, बाइक चलाकर हो गया फरार

शराब न मिलने पर होमगार्ड ने ठेके पर छिड़का पेट्रोल और लगा दी आग, बाइक चलाकर हो गया फरार

शराब की दुकान में आग लगने की घटना से हड़कंप मच गया। मौके पर पुलिस की टीम पहुंची। पुलिस ने आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पुलिस के सामने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शराब न मिलने पर अंग्रेजी शराब के ठेके में आग लगा दी गई। ये आग और कोई नहीं एक होमगार्ड ने लगाई है। आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

डायल 112 पर तैनात था होमगार्ड

पुलिस के अनुसार घटना, शनिवार देर रात दौराला थाना क्षेत्र में हुई। आरोपी होमगार्ड की पहचान कपिल के रूप में हुई है, जो पुलिस के ‘डायल-112’ पर तैनात था। आरोप है कि उसने शराब उधार न मिलने पर गुस्से में ठेके में आग लगा दी। 

खाकी रंग की पैंट सिर पर बांधे था गमछा

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी खाकी रंग की पैंट और काली बनियान पहने, सिर पर गमछा बांधे ठेके पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वह बोतल से पेट्रोल निकालकर दुकान के बाहर छिड़कता है और माचिस जलाकर आग लगा देता है। 

मोटरसाइकिल से हो गया फरार

इसके बाद वह अपनी मोटरसाइकिल से फरार हो जाता है। उसी दौरान वहां मौजूद एक साइकिल सवार भी बाद में चला गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। 

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आरोपी ने पहले विक्रेता से शराब मांगी थी और मना किए जाने पर उसने यह कदम उठाया। ठेके के ‘सेल्समैन (विक्रयकर्मी)’ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में कपिल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। (भाषा के इनपुट के साथ)