1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुस्कान को मिली फांसी की सजा तो बेटी को गोद लेने आया मुंबई का इन्फ्लुएंसर, कोर्ट में दिया आवेदन

मुस्कान को मिली फांसी की सजा तो बेटी को गोद लेने आया मुंबई का इन्फ्लुएंसर, कोर्ट में दिया आवेदन

मेरठ के चर्चित नीला ड्रम हत्याकांड मामले में कोर्ट ने मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी। अब मुंबई के एक इन्फ्लुएंसर ने मुस्कान की बेटी राधा की परवरिश की जिम्मेदारी लेने की इच्छा जताई है और कोर्ट में आवेदन दिया है।

meerut neela drum murder case muskan daughter- India TV Hindi
Image Source : REPORTER मुस्कान की बच्ची को गोद लेना चाहता है इन्फ्लुएंसर।

मेरठ के चर्चित सौरव मर्डर केस में मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल को जिला जज ने फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद जेल में बंद मुस्कान को अपनी गोद में खेल रही 10 माह बेटी की चिंता सता रही है। मुस्कान ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और फिर उसके टुकड़े करके नीले ड्रम में भरकर पैक कर दिया था। इस मामले में दोनों दोषियों को मौत की सजा मिली है, जिसके बाद से मुस्कान अपनी बेटी राधा के भविष्य को लेकर चिंता में है। अब मुंबई के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर फैजान अंसारी ने मुस्कान की बच्ची की परवरिश और उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी उठाने की इच्छा जताई है। इस संबंध में वह मेरठ पहुंचे और जिला जज की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बच्ची की देखभाल की अनुमति मांगी है।

पढ़ाई से लेकर इलाज तक का खर्च उठाने की पेशकश

फैजान अंसारी ने अदालत को एक पत्र लिखा है, वही अभियोजन के सरकारी वकील से मिलकर राधा की परवरिश करने की इच्छा जाहिर की है। उनका कहना है कि वह राधा की शिक्षा, इलाज, कपड़ों और अन्य जरूरतों का खर्च उठाने के लिए आज से ही तैयार हैं। उन्होंने बच्ची के भविष्य को सुरक्षित बनाने और उसे बेहतर माहौल में बड़ा करने की इच्छा भी जताई है। फैजान ने आवेदन के साथ अपनी आर्थिक स्थिति का विवरण भी प्रस्तुत किया है।

Image Source : Reporterमुस्कान की बेटी को गोद लेना चाहता है इन्फ्लुएंसर।

जेल में हुआ था राधा का जन्म

मुस्कान की बेटी राधा का जन्म जेल में हुआ है और वह अभी महज 10 महीने की है। फैजान का कहना है कि इतनी छोटी उम्र में बच्ची की देखभाल और भविष्य को लेकर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। वह चाहते हैं कि राधा को बेहतर परवरिश मिले और उसकी पढ़ाई-लिखाई पर किसी तरह का प्रतिकूल असर न पड़े। आपको बता दें कि बीते 14 अक्तूबर को नीला ड्रम हत्याकांड मामले में कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आरोपी मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी।

पब्लिसिटी के लिए नहीं उठा रहा कदम- फैजान 

मेरठ पहुंचे फैजान अंसारी ने कहा कि बच्ची की जिम्मेदारी लेने की पीछे सोशल मीडिया पर कोई लोकप्रियता हासिल करना या व्यूज बढ़ाना नहीं है। उन्होंने कहा कि वह राधा को बेहतर जीवन देकर और जेल की दुनिया से दूर रखकर नेक इंसान बनना चाहते है और इसी नीयत से यह कदम उठा रहे हैं। फैजान मुंबई में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और इंस्टाग्राम पर उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिलने का दावा किया जाता है।

अब अदालत के फैसले पर नजर

फैजान ने जिला जज की अदालत में आवेदन देकर राधा की देखभाल और उसके खर्च की जिम्मेदारी लेने की अनुमति मांगी है। हालांकि, बच्ची को गोद देने या उसकी अभिरक्षा किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने का निर्णय संबंधित कानूनी प्रक्रिया और सक्षम अधिकारी के निर्णय पर निर्भर करता है। फिलहाल फैजान की पेशकश के बाद राधा के भविष्य को लेकर चर्चा और तेज हो गई है। वहींं लोगों का कहना है कि राधा जैसी और भी बच्चियां जेल में है, फैजान उनकी जिम्मेदारी क्यों नही ले रहें? फैजान का कहना है कि इन यदि संभव हुआ तो वह उनके लिए भी प्रयास करेंगे।

ये भी पढ़ें- मुस्कान को मथुरा में लगेगी फांसी! महिलाओं का इकलौता फांसीघर यहीं, उच्च न्यायलय में अपील और अन्य कानूनी प्रक्रिया का होगा इंतजार

जेल में सफेद कपड़ों में नजर आएंगे मुस्कान-साहिल, अब कैदी नंबर से होगी पहचान; फांसी की सजा के बाद बदली जिंदगी