उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ही कमरे में पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे से लटकते पाए गए। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय रोहित विश्वकर्मा और उनकी 23 वर्षीय पत्नी सरस्वती के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित और सरस्वती घर के ऊपरी हिस्से के कमरे में रहते थे। सोमवार की सुबह जब काफी देर तक उनके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई। रोहित के छोटे भाई ने जब खिड़की से अंदर झांका, तो अंदर का मंजर देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों के शव पंखे के सहारे फंदे से लटक रहे थे। शोर मचाने पर घर के अन्य सदस्य पहुंचे और दरवाजा तोडकर शवों को नीचे उतारा गया।
"किसी को परेशान न किया जाए"
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) नितेश सिंह ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें कथित तौर पर लिखा था, "हम (सरस्वती और रोहित) अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहे हैं। इस मामले में परिवार या किसी भी अन्य व्यक्ति को परेशान न किया जाए।"
आत्महत्या के पीछे की वजह?
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहली नजर में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन मौत के सही कारणों और समय का पता लगाने के लिए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुसाइड नोट की लिखावट की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के पीछे के संभावित तनाव या विवाद का पता चल सके।
ये भी पढ़ें-
बिहार में UP मॉडल... अब खुले में मांस बेचने पर रोक, सभी नियमों का करना होगा पालन
मॉस्को के हॉस्टल में दिखा आग का तांडव, चादरों की रस्सी बना खिड़कियों से उतरते दिखे लोग- VIDEO