उत्तर प्रदेश में अगले साल यानी 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले ही राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ने लगी हैं। इस बीच मिर्जापुर के सपा नेता विवादों में घिर गए हैं। पहले उन्होंने ब्राह्मणों को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जो विवादित है। इसके बाद जब उनसे फिर बात की गई तो इससे साफ मुकर गए। जबकि इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आप पहले और अब के वीडियो यहां नीचे देख भी सकते हैं। इस बीच ब्राह्मणों ने नाराजगी जताई है और सपा नेता से माफी मांगने के लिए कहा है। मामला तूल पकड़ते हुए दिख रहा है। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी हो रही है।
सपा नेता शिवशंकर सिंह यादव ने दिया विवादित बयान
मिर्जापुर के समाजवादी पार्टी नेता पूर्व जिलाध्यक्ष शिवशंकर सिंह यादव की ओर से ब्राह्मणों पर दिए गए विवादित बयान पर ब्राह्मण समाज के लोगों की ओर से नाराज होकर पुतला दहन किया था। इसके बाद सपा नेता को ब्राह्मण समाज से माफी मांगने को कहा था। इस बीच सपा नेता शिवशंकर सिंह यादव की ओर से ब्राह्मण समाज से माफी नहीं मांगने पर समाज के लोगों ने एकजुट होकर थाना कोतवाली शहर में यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को लेकर तहरीर दे दी है।
यादव बोले, पुराना वीडियो है और इसे एडिट करके वायरल किया गया
सपा नेता शिवशंकर सिंह यादव ने वायरल वीडियो में कहा था कि शादी में पंडितजी जो मंत्र बोलते, वह एक तरह से गाली है, वह मंत्र आप को सुनाई नहीं देगा, यह परंपरा सब गलत है, सपा नेता की ओर से ब्राह्मणों को लेकर आपत्तिजनक शब्द बोलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही ब्राह्मण समाज काफी नाराज चल रहा है। जब यादव का विवादित बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो उन्होंने नई कहानी बनाई। यादव का कहना है कि जो वीडियो इस वक्त वायरल है, वो पुराना है और उसे एडिट करके बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वीडियो से उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। इस बीच ब्राह्मणों का रोष कम होने का नाम नहीं ले रहा है। समाज के लोगों ने बुधवार को थाना कोतवाली शहर में सपा नेता शिवशंकर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने को लेकर तहरीर दे दी है। हालांकि अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिर्जापुर से मेराज खान की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
अखिलेश यादव के खुद 2027 का चुनाव ना लड़ने पर यूपी BJP चीफ पंकज चौधरी ने घेरा, बोले- चुनौती देकर भाग खड़े हुए सपा मुखिया
'वो नेता क्या जो चुनाव से भागे?' ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा- आइये हो जाये दो-दो हाथ