उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सोमवार रात चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस चेकिंग के दौरान हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 बजे कनावनी पुस्ता रोड पर पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार रुकने के बजाय तेज गति से बाइक भगाकर 5/6 की पुलिया की तरफ जाने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।
बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी पैर में गोली
पुलिस का कहना है कि पीछा किए जाने के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने बचाव करते हुए जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।
वसुंधरा चौकी में खुद स्वीकारी मोबाइल स्नेचिंग की वारदात की बात
पकड़े गए बदमाश की पहचान सोहेल निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सोहेल ने करीब 15 दिन पहले इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा चौकी इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपी की पहचान आमिर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अलावा दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और काले रंग की ड्यूक बाइक बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी।
पहले से ही सोहेल पर दर्ज हैं कई मामले
पुलिस ने बताया कि सोहेल के आपराधिक इतिहास की जांच में उसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल भेजा गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गाजियाबाद से जुबेर अख्तर की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कानपुर में खौफनाक वारदात: घर से निकले कारोबारी की निर्मम हत्या, सड़क पर मिला धड़ तो 12 फीट दूर गड्ढे में तैरता मिला सिर
सरधना में यूपी चुनाव 2027 में BJP के सामने सीट वापस लेने की चुनौती, समझिए पिछले 3 दशक में कैसे बदली राजनीति