1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हथौड़े से कुचला दादी और चाची का सिर, फिर पुलिस के सामने जाकर किया सरेंडर

हथौड़े से कुचला दादी और चाची का सिर, फिर पुलिस के सामने जाकर किया सरेंडर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना देखने को मिली है। दरअसल यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर हथौड़े से अपनी दादी और चाची के सिर को कुचलकर हत्या कर दी।

moradabad man First killed his grandmother and aunt then surrendered to the police horrifying game o- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO प्रतीकात्मक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने अपनी दादी और चाची की कथित तौर पर हथौड़े से सिर कुचलकर हत्या करने के बाद सिविल लाइंस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि आरोपी साहिल शर्मा ने बृहस्पतिवार देर रात हत्या की और शाम करीब साढ़े चार बजे आत्मसमर्पण कर दिया। हत्या के बाद वह भाग गया था । अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने पुलिस से कहा, "मैंने अपनी दादी और चाची की हत्या कर दी है। उनके शव घर में हैं।" 

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने बताया कि उन्होंने घर से सरोज शर्मा (90) और वंदना शर्मा (60) के शव बरामद किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि साहिल अपनी दादी पर संपत्ति उसके नाम करने और अपने लिये ऑटो-रिक्शा खरीदने का दबाव डाल रहा था। जब उन्होंने इनकार कर दिया, तो उसने कथित तौर पर दोनों महिलाओं की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक सरोज शर्मा के बेटे नरेंद्र की पहले ही मौत हो चुकी थी, जिससे घर में केवल तीन सदस्य ही थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मुजफ्फरनगर में पत्नी ने पति को दिया जहर

बता दें कि इससे पूर्व साहिल और मुस्कान रस्तोगी का मामला यूपी के मेरठ में देखने को मिला था। वहीं एक ऐसा ही मामला बीते दिनों मुजफ्फरनगर में देखने को मिला, जहां दो साल पहले शादी के बंधन में बधे पति-पत्नी के बीच पनप रहे अविश्वास और शक ने नव दंपत्ति के जीवन में जहर घोल दिया। आरोप है कि भेद खुल जाने के बाद पत्नी ने अपने पति को कॉफी में जहर मिलाकर पिला दिया और उसकी जान लेने की कोशिश की। जहर मिली हुई कॉफी पीने से पति की हालत बिगड़ गई और उसे मेरठ के एक हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती कराया गया। जहां पति जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। इस पूरे मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस में अपनी बहू के खिलाफ पति को मारने की नियत से कॉफी में जहर पिलाने की शिकायत दर्ज कराई गई है।

(इनपुट-भाषा)