A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी को 30 दिन में जिला कार्यालय खाली करने का नोटिस, 31 साल पहले मुलायम सिंह को आवंटित हुई थी कोठी

मुरादाबाद: समाजवादी पार्टी को 30 दिन में जिला कार्यालय खाली करने का नोटिस, 31 साल पहले मुलायम सिंह को आवंटित हुई थी कोठी

एक हजार वर्ग गज की कोठी मुलायम सिंह को 31 साल पहले आवंटित हुई थी। इसका किराया महज 350 रुपये था। इस इमारत में समाजवादी पार्टी का जिला कार्यालय चल रहा है। अब पार्टी को ऑफिस खाली करना होगा।

SP Office- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सपा कार्यालय बोर्ड (बाएं), जिलाधिकारी का नोटिस (दाएं)

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी को 30 दिन के अंदर पार्टी का जिला कार्यालय खाली करने का आदेश दिया गया है। यह ऑफिस सरकारी इमारत पर चल रहा है, जो 31 साल पहले मुलायम सिंह को आवंटित हुई थी। अब इस कोठी का आवंटन रद्द कर दिया गया है। कार्यालय खाली करने का नोटिस सपा जिला अध्यक्ष को भेज दिया गया है। यह कोठी मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन क्षेत्र में चक्कर की मिलक  के पास है। पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज के ठीक सामने स्थित कोठी नंबर 4 तत्कालीन मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के नाम आवंटित की गई थी। 

करीब एक हजार वर्ग गज की इस कोठी का मासिक किराया मात्र 350 रुपए था। कोठी का आवंटन मुरादाबाद के जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह ने निरस्त कर दिया है। वर्तमान में इस कोठी में समाजवादी पार्टी का जिला कार्यालय चल रहा है। लिहाजा जिलाधिकारी ने एक माह यानी तीस दिन में कोठी खाली करने के निर्देश दिए हैं।

1994 में मुलायम सिंह को मिली थी कोठी

जिलाधिकारी के आदेश पर अपर जिलाधिकारी वित्त ने सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव को कोठी खाली किए जाने का नोटिस भेज दिया है। नोटिस प्राप्ति के एक माह में कोठी खाली करके इसका कब्जा और दखल जिला प्रशासन को सौंपे जाने के निर्देश दिए गए हैं। मुरादाबाद नगर निगम के प्रबंधन वाली कोठी नंबर 4 को 1994 में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को आवंटित किया गया था, लेकिन मुलायम सिंह यादव की मृत्यु के बाद सपा की ओर से आवंटन ट्रांसफर की कोई प्रक्रिया नहीं की गई। इसलिए जिलाधिकारी द्वारा ये आवंटन रद्द किया गया है। 

कोठी खाली नहीं होने पर रोजाना 1000 का जुर्माना

समाजवादी पार्टी के मुरादाबाद अध्यक्ष को भेजे गए नोटिस में साफ तौर पर लिखा गया है कि यदि तय समयसीमा पर ऑफिस नहीं खाली होता है तो सक्षम न्यायालय में वाद दायर कर हर दिन के लिए 1000 रुपये वसूला जाएगा। बताया जा रहा है कि इस कोठी का इस्तेमाल अब अधिकारी आवास/सरकारी कार्यालय के रूप किया जाएगा।

(मुरादाबाद से राजीव शर्मा की रिपोर्ट)