मुरादाबाद: दिल्ली में आयोजित रैली में शामिल होने के लिए कूच करते समय समाजवादी पार्टी के भगतपुर टांडा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख व ठाकुरद्वारा के संभावित सपा प्रत्याशी इकबाल इंजीनियर का एक अभद्र भाषा के साथ आपत्तिजनक नारे लगाते हुए एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में सपा नेता इकबाल इंजीनियर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी करते दिखाई और सुनाई दे रहे हैं।
MLA विधायक कमाल अख्तर ने इकबाल इंजीनियर को टोका
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इकबाल इंजीनियर के साथ में चल रहे कांठ से विधायक और सपा नेता कमाल अख्तर हाथ उठाकर उन्हें ऐसा करने से रोकते हैं और मना करते हैं। लेकिन सपा नेता के इस नारे पर साथ के लोग हंसने लगे। सपा नेता का ये विवादित नारेबाजी का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। गौरतलब है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में आज (रविवार को) दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडी अलायंस की रैली आयोजित की गई थी। रैली में संबोधन करते हुए राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर बहुत बड़ा आरोप लगाया। राहुल गांधी ने कहा कि 2024 के चुनाव में बीजेपी और इंडी के बीच में 3 परसेंट वोट का अंतर था। राहुल ने ये भी कहा कि 2024 के बाद से वोट काटने का सिलसिला तेज हो गया है।
यूपी में बीजेपी ने हिंदुओं के ही वोट काट दिए- अखिलेश यादव
जान लें कि रामलीला मैदान में इंडी गठबंधन का हर एक बड़ा नेता मौजूद था। अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में बीजेपी ने हिंदुओं के ही वोट काट दिए हैं। अखिलेश ने कहा कि 2027 में यूपी से बीजेपी की ऐसी विदाई होगी, जिसके बाद 2029 में भी बीजेपी लौट कर नहीं आएगी। अखिलेश यादव ने वोट चोरी को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग वोट चोरी में सबसे आगे हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि बीजेपी संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने वाला काम कर रही है। ममता बनर्जी ने भी बंगाल चुनाव को लेकर ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल चुनाव को बीजेपी ने चोरी से जीता है और उसका बदला वो जरूर लेंगी। दरअसल, रामलीला मैदान से जो माहौल बना है उसका पहला टेस्ट 2027 में होगा, जिसके लिए अखिलेश और राहुल तैयारी भी कर रहे हैं।
(इनपुट- राजीव शर्मा)
ये भी पढ़ें- भाजपा का आरोप, 'राहुल की रैली वेस्ट ऑफ टाइम, रामलीला मैदान 40% खाली, 10 लाख लोगों का दावा फेल'