बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र में 16 साल की किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि किशोरी के चाचा ने उसकी हत्या करने के बाद शव को अपने ही खेत में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी चाचा को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर खेत की खुदाई कराई गई और जमीन के नीचे दबा किशोरी का शव बरामद कर लिया गया।
मामला अनुरोधपुर गोटिया गांव का है। मृतका की पहचान लता के रूप में हुई है। वह हाफिजगंज क्षेत्र के रहने वाले प्रेमपाल की बेटी थी और कक्षा 10 में पढ़ती थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार को गांव के ही एक युवक के साथ लता के प्रेम संबंध का शक था। इसी बात को लेकर घर में नाराजगी का माहौल बना हुआ था।
जमीन के अंदर से किशोरी का शव बरामद
पुलिस पूछताछ में चाचा जयप्रकाश ने कथित तौर पर बताया कि 28 जुलाई की रात उसने लता को उसी युवक के साथ देखा था। इसके बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। आरोप है कि घटना के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए जयप्रकाश ने अपने खेत में गड्ढा खोदा और उसमें शव दफना दिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जयप्रकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने खेत में उस स्थान की पहचान की, जहां शव दबाए जाने की बात कही गई थी। डीएम की अनुमति मिलने के बाद मंगलवार दोपहर नायब तहसीलदार दीप्ति पाल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खुदाई शुरू कराई गई। काफी प्रयास के बाद जमीन के अंदर से किशोरी का शव बरामद कर लिया गया।
किशोरी के परिवार के कुछ अन्य सदस्य गायब
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ कराया जाएगा, ताकि मौत की सही वजह स्पष्ट हो सके। वहीं, किशोरी के पिता समेत परिवार के कुछ अन्य सदस्यों के भी घर से गायब होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या या शव छिपाने की घटना में उनकी कोई भूमिका थी या नहीं।
सीओ ने बताया कि अलीगंज थाना पुलिस को किशोरी की हत्या कर शव दफनाए जाने की सूचना मिली थी। डीएम की अनुमति के बाद कार्यपालक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट: विकास साहनी)
यह भी पढें:
जीजा ने साले को गोली मारकर उतारा मौत के घाट, पत्नी से चल रहा था कई दिनों से विवाद
दरोगा का गला दबाया, पथराव और मारपीट; लखनऊ में अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, 6 गिरफ्तार