1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी: मुस्लिम युवक को CM योगी की तस्वीर से छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा, सऊदी से लौटते ही गिरफ्तार, मांगी माफी

यूपी: मुस्लिम युवक को CM योगी की तस्वीर से छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा, सऊदी से लौटते ही गिरफ्तार, मांगी माफी

यूपी के मुजफ्फरनगर में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। उस पर आरोप है कि जब वह सऊदी में था तो उसने सीएम योगी की तस्वीर से छेड़छाड़ की थी और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया था।

Muzaffarnagar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT CM योगी की तस्वीर से छेड़छाड़ करना पड़ा महंगा

मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में एक मुस्लिम युवक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अब उसकी जो तस्वीर सामने आई है, उसमें वह मांफी मांगते हुए दिख रहा है और अपने पैरौं पर भी सही से खड़ा नहीं हो पा रहा है।

क्या है पूरा मामला?

आरोपी युवक सऊदी में काम करता था। यहीं से उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया। लेकिन जैसे ही वह भारत वापस लौटा तो यूपी के मुजफ्फरनगर में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। 

दरसअल चरथावल थाना पुलिस को बीती 28 सितंबर को यह सूचना प्राप्त हुई थी की ग्राम कुल्हाड़ी निवासी कुर्बान उर्फ अल्तमस नाम के युवक ने सऊदी अरब में रहते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो को एडिट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है। इस पर पुलिस ने तुरंत आरोपी के विरुद्ध धारा 353(2) बीएनएस व 66 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे।

रविवार को जैसे ही आरोपी युवक सऊदी अरब से लौटकर अपने गांव में पहुंचा तो पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद आरोपी सही से चल भी नहीं पा रहा है और अपने किए गए काम के लिए माफी मांग रहा है।

सीओ सदर रविशंकर मिश्रा का बयान सामने आया

मामले पर सीओ सदर रविशंकर मिश्रा ने बताया, "दिनांक 28 सितंबर को चरथावल थाना पर एक सूचना प्राप्त हुई थी जिसमें बताया गया था कि माननीय की फोटो को एडिट करके सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक रूप से एक व्यक्ति द्वारा पोस्ट किया गया था। इस सूचना का तत्काल संज्ञान लेते हुए चरथावल थाना पर अभियोग पंजीकृत कराया गया था। सुसंगत धाराओं में चरथावल थाना क्षेत्र के रहने वाले अल्तमस को वैधानिक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार करके जेल भिजवा दिया गया है और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इस संबंध में यह भी अवगत कराना है कि कोई भी व्यक्ति जो कानून विरोधी कार्य करेगा और कोई किसी भी सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणी करेंगे या आपत्तिजनक रूप से किसी फोटो को एडिट करके पोस्ट करेंगे और समाज के सौहार्द को बिगाड़ने का काम करेंगे तो उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।" (इनपुट: योगेश त्यागी)