उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के पुरबालियान गांव में शनिवार को भारी हंगामा हो गया। दरअसल बिजली विभाग की एक टीम इस गांव में बकाया बिल वसूलने पहुंची थी। टीम ने जब गांव के प्रधान पति शौकत से लगभग ₹2,00,000 का बिजली बिल जमा करने को कहा, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि प्रधान शौकत और उनके परिजनों ने मिलकर बिजली विभाग के जेई (जूनियर इंजीनियर) मोहर सिंह के साथ मारपीट की, इस दौरान JE को काफी चोटें आई। इस हाथापाई का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
थाने पहुंचे ग्रामीण, पुलिस और गांव के लोगों के बीच हुई झड़प
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जेई मोहर सिंह को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रधान पति शौकत और कुछ अन्य लोगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले आई। प्रधान पति को हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता और भारी संख्या में ग्रामीण भी मंसूरपुर थाने पहुंच गए। थाने पर जमा हुई भीड़ ने जब प्रधान पति को पुलिस की हिरासत से छुड़ाने की कोशिश की, तो पुलिस और ग्रामीणों के बीच भी तीखी नोकझोंक और हाथापाई हो गई। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।
प्रधान पति ने JE पर लगाए गंभीर आरोप
दूसरी तरफ, हिरासत में लिए गए प्रधान पति शौकत ने बिजली विभाग की टीम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शौकत का कहना है कि गांव के जेई पिछले 6 महीने से लोगों को परेशान कर रहे थे। शनिवार सुबह जब जेई गांव में आए, तो उन्होंने उन गरीब और दिव्यांग लोगों के भी कनेक्शन काट दिए जिन्होंने जनवरी तक का बिल जमा कर रखा था। शौकत के मुताबिक, जब वह ग्रामीणों की पैरवी करने और बिजली न काटने की गुजारिश करने गए, तो जेई ने उनके साथ बदतमीजी की और कहा कि पहले अपना ₹2 लाख का बकाया चुकाओ। शौकत का आरोप है कि जेई ने उनके और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की।
पुलिस अधिकारियों का बयान, कहा- जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर खतौली की क्षेत्राधिकारी (सीओ) रुपाली राव ने बताया कि मंसूरपुर पुलिस को पुरबालियान गांव में बिजली विभाग के सरकारी काम के दौरान जेई के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। इसके बाद आरोपियों को पूछताछ और जांच के लिए थाने लाया गया था। वहीं ग्रामीणों और भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने पहुंचकर जेई की कार्यशैली पर सवाल उठाए और उनके खिलाफ जांच की मांग की। पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से लिखित शिकायत (तहरीर) ले ली है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घायल जेई का मेडिकल करा दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर से योगेश त्यागी की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
ओवरटाइम में शराब नहीं मिली तो काट दी ठेके की बिजली, CCTV फुटेज आया सामने; जांच में जुटी पुलिस
"बिना मुझसे पूछे बिजली महंगी क्यों की?" ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने UPPCL चेयरमैन को लेटर लिखकर पूछे तीखे सवाल