उत्तर प्रदेश के टूंडला स्थित न्यू रेलवे स्टेशन (DFCCIL) गुड्स ट्रेन के क्रू बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। डिप्टी एसएस और लोको पायलट के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर दोनों पक्षों के कर्मचारी आमने-सामने आ गए। स्टेशन पर हुए हंगामे के दौरान तीन लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। आरोप है कि घटना का वीडियो बना रहे एक संविदा कर्मचारी पर पत्थर से हमला किया गया, जिससे उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। हंगामे का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा और करीब 20 मिनट तक संचालन प्रभावित रहा।
क्रू बदलने को लेकर शुरू हुई कहासुनी
जानकारी के मुताबिक, न्यू टूंडला रेलवे स्टेशन (DFCCIL) पर एक मालगाड़ी के क्रू को बदलने के मुद्दे पर डिप्टी एसएस और लोको पायलट के बीच विवाद हो गया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। स्टेशन परिसर में अचानक हुए इस घटनाक्रम से कर्मचारियों के बीच अफरातफरी मच गई।
विवाद के दौरान वहां मौजूद एक संविदा कर्मचारी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि इसी दौरान उस पर पत्थर से हमला कर दिया गया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना में कुल तीन लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, घायलों की पहचान और उनकी चोटों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
20 मिनट तक प्रभावित रहा रेल परिचालन
रेलवे स्टेशन पर मारपीट और हंगामे के कारण कामकाज प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 20 मिनट तक रेल परिचालन बाधित रहा। अचानक बिगड़े हालात के चलते स्टेशन पर तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति को संभालने के साथ मामले की जांच शुरू की। RPF के कंपनी कमांडर ने घटना की जांच किए जाने की बात कही है। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि शिकायत या तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विवाद की असल वजह, मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका और संविदा कर्मचारी पर हमले के आरोपों की जांच की जा रही है।
(रिपोर्ट: लवकुश शर्मा)
यह भी पढ़ें:
मगरमच्छ ने जबड़े में दबोचा… जान की परवाह किए बिना नदी में कूद पड़े 2 भाई, फिर जो हुआ वो फिल्मों जैसी कहानी है
मेरठ: हिंदू मॉडल को शादी का झांसा देकर 11 साल तक किया शोषण, अब धर्म परिवर्तन का बनाया दबाव