1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एंबुलेंस में नवजात जुड़वा बच्चें, नोएडा में बना 6 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर? 3 मिनट 52 सेकंड में तय की गई दूरी, जानिए वजह

एंबुलेंस में नवजात जुड़वा बच्चें, नोएडा में बना 6 KM लंबा ग्रीन कॉरिडोर? 3 मिनट 52 सेकंड में तय की गई दूरी, जानिए वजह

6 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाने के लिए 30 ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की सहायता लेनी पड़ी। एंबुलेंस द्वारा ये दूरी मात्र 3 मिनट 52 सेकंड में तय की गई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में 6 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया। ये ग्रीन कॉरिडोर नोएडा ट्रैफिक पुलिस के 30 कर्मियों की मदद से बनाया गया। गुरुवार को नोएडा के डीएनडी फ्लाईओवर से सेक्टर 30 स्थित चाइल्ड पीजीआई अस्पताल तक 6 किलोमीटर लंबा ग्रीन कॉरिडोर बना, जिससे दो गंभीर रूप से बीमार नवजात जुड़वा बच्चों को ले जा रही एक एम्बुलेंस ने यह दूरी केवल तीन मिनट 52 सेकंड में तय कर ली।

समय से पहले पैदा हुए जुड़वा बच्चें

चाइल्ड पीजीआई के डॉक्टरों ने बताया कि समय से पहले पैदा हुए ये जुड़वां बच्चे, एक लड़का और एक लड़की, जिनका वजन लगभग 700 ग्राम है। इनका जन्म केवल 26 हफ्ते की उम्र में हुआ था, पिछले 47 दिनों से गंभीर श्वसन और पाचन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

पहले दिल्ली के नजफगढ़ में चल रहा था इलाज

शुरुआत में इन शिशुओं का इलाज दिल्ली के नजफगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा था, लेकिन विशेष उपचार के लिए उन्हें नोएडा स्थित चाइल्ड पीजीआई की उन्नत नवजात शिशु देखभाल इकाई में रेफर कर दिया गया।

वेंटिलेटर पर हैं दोनों जुड़वा बच्चें

चाइल्ड पीजीआई में नवजात गहन चिकित्सा इकाई की प्रमुख डॉक्टर रुचि राय ने बताया, 'दोनों जुड़वां बच्चे दिल्ली के सैपलिंग अस्पताल से आए थे। दोनों बच्चे बेहद बीमार हैं और फिलहाल उच्च स्तर के वेंटिलेटर पर हैं।'

 30 यातायात पुलिसकर्मियों को किया गया तैनात

पुलिस उपायुक्त (यातायात) लखन सिंह यादव ने बताया कि एम्बुलेंस के लिए रास्ता साफ करने के लिए लगभग 30 यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। यादव ने कहा, 'डीएनडी से नोएडा के चाइल्ड पीजीआई तक छह किलोमीटर का रास्ता था। एम्बुलेंस ने यह दूरी तीन मिनट 52 सेकंड में तय की।' (इनपुट पीटीआई)