1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सोनभद्र में नवविवाहित जोड़े की 100 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत, 2 महीने पहले हुई थी शादी

सोनभद्र में नवविवाहित जोड़े की 100 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत, 2 महीने पहले हुई थी शादी

यूपी के सोनभद्र में एक कपल की सड़ी-गली हालत में डेडबॉडी मिली है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Sonbhadra- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सोनभद्र में गहरी खाई में गिरने से नवविवाहित जोड़े की मौत

सोनभद्र: यूपी के सोनभद्र में एक नवविवाहित जोड़े की 100 फीट खाई में गिरने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक, इस कपल की 2 महीने पहले ही शादी हुई थी।

क्या है पूरा मामला?

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र की मारकुंडी घाटी में करीब 100 फीट गहरी खाई से नवविवाहित दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने खाई से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को बाहर निकलवाया।

मृतकों की पहचान सलखन निवासी चंदा उर्फ इंद्रावती (पत्नी राहुल) तथा रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बिच्छी निवासी राहुल के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों की शादी इसी वर्ष 6 मई को हुई थी और चार दिन पहले दर्शन के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। 

पुलिस को घटनास्थल से दंपति की बाइक भी बरामद हुई है। कई दिन बीत जाने के कारण दोनों शव सड़-गल चुके थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

हत्या,आत्महत्या या हादसा? 

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला सड़क हादसे का है, आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है।

यूपी के पीलीभीत से भी आई थी ऐसी ही खबर

यूपी के पीलीभीत में भी एक खाई में गिरने का मामला सामने आया था। यहां एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई थी, जिसमें 2 सगे भाईयों की मौत हो गई थी और 3 लोग घायल हुए थे। मामला जिले के गजरौला कलां क्षेत्र में सामने आया था। मृतकों की पहचान कार सवार शिवकुमार (32) एवं उसके भाई रूपलाल (50) के रूप में हुई थी।

कार सवार सभी लोग जमुनिया से अपने गांव अजीतपुर पटपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हुआ था। दीवाली से पहले हुए इस हादसे की वजह से परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया था। गौरतलब है कि तमाम मौकों पर ये देखा गया है कि वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन नहीं करते, जिसका अंत बेहद दुखी करने वाला होता है। 

यूपी के एटा में ही एक और ऐसी घटना हुई थी, जिसमें पति को झपकी आने से कार खाई में गिरी थी। इस घटना में पत्नी की मौत हो गई थी और 2 बच्चियां घायल हुई थीं। (इनपुट- परमेश्वर पुष्कर)

ये भी पढ़ें- 

UP: खाई में पलटी बारातियों से भरी कार, 5 लोगों की दर्दनाक मौत; 6 घायल