नोएडा में चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का ऐसा तरीका सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यह गिरोह किसी घर में घुसने से पहले यह पता लगाने के लिए गुलेल से दरवाजों और खिड़कियों पर कंकड़ मारता था कि अंदर कोई मौजूद है या नहीं। यदि घर के भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती थी, तो चोर समझ जाते थे कि मकान खाली है और फिर कुछ ही मिनटों में वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। इस गैंग के दो सदस्यों फिरोज उर्फ बबलू और आशीष को 4 जुलाई को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर पिछले चार महीनों के दौरान नोएडा के अलग-अलग इलाकों में बंद पड़े मकानों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
गिरोह के सरगना का बुलंदशहर से ताल्लुक
अपर पुलिस उपायुक्त मनीषा सिंह के मुताबिक, गिरोह का सरगना फिरोज मूल रूप से बुलंदशहर का रहने वाला है और गिरफ्तारी के समय सेक्टर-93 में रह रहा था। वह तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और उसके खिलाफ चोरी, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, दिन में वह खुद को उबर चालक बताकर सामान्य जीवन जीता था, जबकि रात में अपने साथियों के साथ चोरी की योजना बनाने और संभावित घरों की रेकी करता था।
वहीं, उसका साथी आशीष बीकॉम पास है। उसके खिलाफ भी पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले जेल भी जा चुका है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह चोरी की वारदात को बेहद योजनाबद्ध तरीके से अंजाम देता था। आरोपी चोरी की बाइक पर अलग-अलग सेक्टरों और रिहायशी कॉलोनियों में घूमते थे और ऐसे मकानों की तलाश करते थे, जहां कई दिनों से अखबार बाहर पड़े हों या रात में कोई लाइट न जल रही हो। शक होने पर वे गुलेल से दरवाजे या खिड़की पर छोटे-छोटे पत्थर मारते थे। अगर अंदर से कोई बाहर नहीं निकलता या कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो वे मकान को खाली मान लेते थे।
इसके बाद विशेष औजारों की मदद से ताले तोड़कर घर में दाखिल होते और 15 से 30 मिनट के भीतर पूरी वारदात को अंजाम दे देते थे। उनकी नजर सबसे पहले अलमारी, लॉकर और बेडरूम पर होती थी। आरोपी नकदी, सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान और अन्य कीमती वस्तुएं चुराकर फरार हो जाते थे। चोरी की बाइक इस्तेमाल करने के कारण पुलिस के लिए उनका पता लगाना भी मुश्किल हो जाता था।
चोरी की मोटरसाइकिल समेत 20500 रुपये बरामद
सेक्टर-20 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को सेक्टर-29 इलाके से गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल, ताला काटने के औजार, 20500 रुपये नकद, दो चाकू और चोरी का अन्य सामान बरामद किया गया है। एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। अब पुलिस इनके आने-जाने के रिकॉर्ड का मिलान लंबित चोरी के मामलों से कर रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर कई पुराने मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
(रिपोर्ट: राहुल ठाकुर, नोएडा)
यह भी पढ़ें:
लखनऊ में रॉन्ग साइड से आ रही कार रोकने पर होमगार्ड से बदसलूकी, युवक ने धक्का देकर जमीन पर गिराया; VIDEO वायरल
दूसरी शादी के दो महीने बाद नर्सिंग असिस्टेंट ने की खुदकुशी, पत्नी, साली और साढ़ू पर गंभीर आरोप, केस दर्ज