1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा के ESIC हॉस्पिटल में कैंसर मरीज ने की आत्महत्या, 5वीं मंजिल से लगाई छलांग

नोएडा के ESIC हॉस्पिटल में कैंसर मरीज ने की आत्महत्या, 5वीं मंजिल से लगाई छलांग

नोएडा के सेक्टर- 24 स्थित ESIC अस्पताल में कैंसर के एक मरीज ने 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। शख्स मुंह के कैंसर से पीड़ित था, जिसके चलते वह भारी तनाव में था।

कैंसर मरीज ने की आत्महत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कैंसर मरीज ने की आत्महत्या

उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर- 24 स्थित ESIC अस्पताल में एक मरीज के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। कैंसर से जूझ रहे मरीज ने अस्पताल की 5वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो नोएडा के भंगेल इलाके का रहना वाला था। मुकेश पिछले काफी समय से मुंह के कैंसर से पीड़ित था और इसी बीमारी के चलते भारी तनाव में था।

पत्नी भी अस्पताल में थी साथ

मिली जानकारी के अनुसार, मुकेश को इलाज के लिए 9 मार्च को ESIC अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी देखभाल के लिए उसकी पत्नी भी अस्पताल में ही साथ रह रही थी। गुरुवार सुबह मुकेश ने 5वीं मंजिल पर सीढ़ियों के पास स्थित एक खिड़की को खोला और नीचे छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई।

कैंसर के कारण था परेशान

शुरुआती जांच के मुताबिक, मुकेश अपने कैंसर के इलाज के कारण काफी परेशान था। बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव और शारीरिक पीड़ा के कारण उसने यह खौफनाक कदम उठाया। जब यह घटना हुई, उस समय अस्पताल में मरीजों और स्टाफ की आवाजाही थी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)

ये भी पढ़ें-

पश्चिम बंगाल वोटर लिस्ट से 76 लाख नाम हटे, 28 लाख मामलों की जांच अभी बाकी; हाई कोर्ट पहुंची चुनाव आयोग की टीम

Today's Weather: 22 राज्यों के लिए आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी, जानिए आपके राज्य का मौसम अपडेट