A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दोस्त से मिलने गई थी छात्रा, मारपीट के बाद पहली मंजिल से धक्का दिए जाने का आरोप

दोस्त से मिलने गई थी छात्रा, मारपीट के बाद पहली मंजिल से धक्का दिए जाने का आरोप

नोएडा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक पिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि एक युवक ने उसकी बेटी से मारपीट कर उसे पहली मंजिल से धक्का दे दिया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE/PTI प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक पिता ने अपनी बेटी को एक युवक द्वारा पहली मंजिल से धक्का देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जयप्रकाश ने बताया कि वह आंबेडकर नगर का निवासी है और उसकी बेटी नेहा प्रजापति (21), एनआईएमटी कॉलेज से फिजियोथैरेपी पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष की छात्रा है।

शोएब और नेहा के बीच झगड़ा हुआ

शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई की रात करीब 8.0 बजे नेहा अपने परिचित शोएब से मिलने हल्द्वानी गांव स्थित नसीम अपार्टमेंट गई थी। जयप्रकाश ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि नेहा के मोबाइल फोन पर एक मैसेज आने के बाद शोएब और नेहा के बीच झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान शोएब ने नेहा की बेरहमी से पिटाई की और फिर उसे इमारत की पहली मंजिल से नीचे धक्का दे दिया।

युवती शारदा अस्पताल में है भर्ती 

नीचे गिरने से नेहा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल इलाज के लिए शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि शोएब ने उनकी बेटी को जान से मारने की कोशिश की। पुलिस ने जयप्रकाश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी शोएब के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

"आज भगवा और हिंदुत्व की जीत हुई है", मालेगांव ब्लास्ट केस में बरी होते ही बोलीं साध्वी प्रज्ञा

एसबीके सिंह को दिल्ली पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार मिला, कौन हैं वो? जानिए