1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दोस्त के क्रेडिट कार्ड से लिया 30 हजार का फोन, पहली किस्त भरने को कहा तो रूमाल से घोंट दिया गला

दोस्त के क्रेडिट कार्ड से लिया 30 हजार का फोन, पहली किस्त भरने को कहा तो रूमाल से घोंट दिया गला

आरोपियों ने शव को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक सुनसान इलाके में नाले में फेंक दिया। पुलिस ने इस हत्या मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। युवक सेल्समैन था। बताया जा रहा है कि सेल्समैन की उसके तीन दोस्तों ने रूमाल से गला घोंटकर हत्या कर दी। इनमें से एक ने मृतक के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर 30,000 रुपये का मोबाइल फोन खरीदा था, लेकिन ईएमआई का भुगतान करने से इनकार कर रहा था। पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी। घटना रविवार की है। 

हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया 

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने शव को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक सुनसान इलाके में नाले में फेंक दिया। इसने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है। पुलिस के मुताबिक, अमन ने करीब एक महीने पहले ईएमआई पर मोबाइल फोन खरीदने के लिए 24 वर्षीय शुभंजय के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल किया था। पुलिस के मुताबिक, शुभंजय ने अमन से पहली किस्त का भुगतान करने के लिए कहा। हालांकि, अमन ने भुगतान करने से इनकार कर दिया, जिसकी वजह से उसके और शुभंजय के बीच बहस हुई। 

शराब पीने के लिए मिलने को कहा

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (मध्य नोएडा) हृदेश कठेरिया ने कहा कि रविवार की रात अमन ने शुभंजय को शराब पीने के लिए मिलने को कहा और कहा कि वह पैसे भी लौटा देगा। अमन के साथ विवेक (25) और पुनीत (21) भी थे। चारों ने शराब पी। बाद में तीनों आरोपियों ने गला घोंटकर शुभंजय की हत्या कर दी और उसके शव को नाले में फेंक दिया।