1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नवरात्र में वेज की जगह नॉनवेज पिज्जा की डिलीवरी, मंदिर के पास हंगामा, फूड विभाग ने आउटलेट किया सीज

नवरात्र में वेज की जगह नॉनवेज पिज्जा की डिलीवरी, मंदिर के पास हंगामा, फूड विभाग ने आउटलेट किया सीज

फतेहपुर जिले में नवरात्रि के दौरान एक पिज्जा आउटलेट द्वारा वेज की बजाय नॉनवेज पिज्जा डिलीवर करने पर भारी हंगामा हुआ। इस लापरवाही के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आउटलेट को सीज कर दिया है।

Pizza- India TV Hindi
Image Source : AP पिज्जा

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पवित्र नवरात्र के दिनों में एक पिज्जा आउटलेट पर बड़ी लापरवाही का आरोप लगा है। ग्राहक ने ऑनलाइन वेज पिज्जा मंगाया था, लेकिन घर पहुंचने पर डिब्बे में नॉनवेज पिज्जा निकला। इस गलती के सामने आने के बाद इलाके में भारी हंगामा मच गया और हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना फतेहपुर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र के तामेश्वर नगर की है। जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक ने ऑनलाइन ऑर्डर देकर वेज पिज्जा मंगाया था। आरोप है कि जब डिलीवरी घर पहुंची और डिब्बा खोला गया तो उसमें नॉनवेज पिज्जा निकला। चूंकि अभी नवरात्र का पवित्र महीना चल रहा है, इसलिए इस गलती से ग्राहक और स्थानीय लोगों की भावनाएं आहत हुईं।

हिंदू संगठनों का फूटा गुस्सा

जब इस बात की भनक स्थानीय हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लगी, तो वे भारी संख्या में गुस्से में आकर उस पिज्जा आउटलेट पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने वहां जमकर विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया। उनका कहना था कि यह प्रसिद्ध और सिद्ध पीठ श्री तामेश्वर मंदिर से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित है, और ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल के पास इस तरह की लापरवाही और मांसाहारी चीज़ों की परोस, पूरी तरह से गलत है।

प्रशासन और पुलिस की तुरंत कार्रवाई

हंगामे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। मामला बढ़ता देख खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी जांच के लिए फौरन मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिज्जा आउटलेट को सीज कर दिया है। विभाग ने दुकान के बाहर एक आधिकारिक नोटिस भी चिपका दिया है।

आगे की कानूनी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकान के संचालक को नोटिस देकर सिर्फ तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण और जवाब मांगा है। इसके साथ ही, विवादित पिज्जा के सैंपल भी सुरक्षित ले लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फतेहपुर से उमेश चंद्रा की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें

'पासकोड बोलो जल्दी.. 'iPhone चोरी करने के बाद चोर ने किया मैसेज, सोशल मीडिया पर Viral हो रहा Video

चोरी की घटना से आहत दुकान मालिक की हार्ट अटैक से मौत, नहीं सह सका सदमा; VIDEO आया सामने