1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा, कहा- "खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट के पापियों का नाम लिख दूंगा तो भूचाल आ जाएगा"

ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को घेरा, कहा- "खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट के पापियों का नाम लिख दूंगा तो भूचाल आ जाएगा"

यूपी सरकार में मंत्री ओपी राजभर ने सपा नेता अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला है और कहा है कि अगर उन्होंने घोटालों के पापियों का नाम लिख दिए तो भूचाल आ जाएगा।

OP Rajbhar- India TV Hindi
Image Source : OP RAJBHAR-AKHILESH YADAV/X ओपी राजभर ने अखिलेश पर साधा निशाना

लखनऊ: यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने सपा नेता अखिलेश यादव पर निशाना साधा है और बड़ा बयान दिया है। ओपी राजभर ने कहा, "अरे अखिलेश यादव जी, अभी राम गोपाल यादव जी की सिर्फ चिट्ठी का जिक्र किया हूं। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट के पापियों का नाम लिख दूंगा तो भूचाल आ जाएगा।"

ओपी राजभर ने कहा, "समूचा उत्तर प्रदेश जानता है कि लाल टोपी वाले भ्रष्टचारियों का मास्टरमाइंड कौन है? और किसे बचाने के लिए रामगोपाल यादव समझौता और सौदा कर रहे हैं, सब मालूम है।"

आज ही राजभर ने समाजवादी पार्टी टूटने का दावा किया था

आज ही राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने की बात कही थी। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था, "समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।"

अखिलेश ने भी दिया था जवाब

राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट वाले बयान के बाद अखिलेश यादव ने भी राजभर को जवाब दिया था। अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर बिना राजभर का नाम लिए लिखा था, "भविष्यवाणी करने वाले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि उन्हें भाजपा 75 सीट दे रही है, 50 या फिर सिर्फ़ आश्वासन। इन्होंने भाजपा के गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जो पैसा एडवांस लिया है, वो लोग इन्हें ढूंढ रहे हैं।"

गौरतलब है कि अभी हालही में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में बिखराव हुआ है। महाराष्ट्र में भी उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद बागी हो गए हैं और वह भी बिखराव की अवस्था में है। ऐसे में अगर समाजवादी पार्टी में वाकई किसी तरह की टूट होती है तो ये देशभर में एक बड़ा सियासी मुद्दा बनेगा और सवाल ये भी खड़ा होगा कि आखिर वो क्या है, जिसकी वजह से सालों से स्थापित पार्टियों में टूट हो रही है।

राजभर ने कहा कि अखिलेश की लंका में आग लगने वाली है

ओपी राजभर ने एक्स पर पोस्ट करके कहा, "आपकी लंका में आग लगने वाली है और आप दूसरों की चिंता में लगे हैं। गजब आदमी हैं महाराज आप। आप पुराने मित्र हैं, इसलिए पहले ही बता दिया। बचा सकते हैं तो बचा लीजिए अपनी पार्टी को। बुला लीजिए सांसदों और विधायकों की बैठक और सबके हाथ में गीता-कुरान देकर शपथ करवा लीजिए। सब सच उगल देंगे। बुलाइये ना अपने सांसदों को और उगलवाइये सच। विभीषण आप के साथ ही है, लंका में आग लगवाकर रहेगा।"

ओपी राजभर ने कहा, "रही बात हमारे पैसा लेने की तो आइये ना हमारे घर। दो चार किलो आलू, प्याज और बोरी भर गेंहू मिलेगा। कौन पैसा लेकर लोडर बनाता है और कौन दबे कुचलों को नेता बनाता है, ये आप भी बेहतर जानते हैं और जनता भी अखिलेश भइया। आप बस यही जवाब दे दीजिए कि आपने हमसे गठबंधन क्यों तोड़ा था? यही ना कि मैंने आपसे कहा कि जरा एसी से निकलकर जमीन पर आइये, थोड़ी मेहनत कर लीजिए। आप तो एसी से निकलने को तैयार नहीं थे। तोड़ लिया समझौता। हमें सम्मान मिला तो हम पिछड़े, शोषितों और वंचितों की आवाज उठाने बीजेपी के साथ आए और बस उसी काम में लगे हैं। यहां एसी पीसी वाले कोई हैं नहीं। सब जनता के लिए, जनता के साथ रहते हैं।"

ओपी राजभर ने कहा, "देख लीजिएगा, इस गर्मी में आप बंद कमरे में एसी की ठंडी हवा खाते रहे वे और बाहर राजनैतिक शॉर्ट सर्किट से आपकी लंका जलकर ख़ाक हो जाएगी। मेरा एक सुझाव है। सपा का विलय सुभासपा में कर लीजिए। हम आपको कुछ ना कुछ तो जरूर बना देंगे। इंतजार रहेगा आपके जवाब का।"