1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के अंबेडकरनगर में ड्रम और दीवार से निकले कोबरा समेत 2 दर्जन से ज्यादा सांप, मचा हड़कंप

यूपी के अंबेडकरनगर में ड्रम और दीवार से निकले कोबरा समेत 2 दर्जन से ज्यादा सांप, मचा हड़कंप

यूपी के अंबेडकरनगर में एक गांव में सांपों को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सांपों में कोबरा भी था, जोकि बेहद खतरनाक होता है।

snakes- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ड्रम और दीवार से निकले कोबरा समेत 2 दर्जन से ज्यादा सांप

अंबेडकरनगर: यूपी के अंबेडकरनगर के एक गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक ड्रम और दीवार से 2 दर्जन से ज्यादा सांप निकले, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आनन फानन में मौके पर सपेरों को बुलाया गया, जिसके बाद सभी सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया।

क्या है पूरा मामला?

मालीपुर थाना क्षेत्र के आजनपारा गांव के एक घर से दर्जनों सांप के बच्चे व एक कोबरा सांप निकलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। एक साथ बड़ी संख्या में सांप दिखाई देने पर ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।

जानकारी के अनुसार, आजनपारा गांव निवासी दिनेश विश्वकर्मा पुत्र स्व. राम कृपाल विश्वकर्मा के बच्चों ने मिट्टी की दीवार वाले घर में कोबरा नाग के कई बच्चों को घूमते हुए देखा। बच्चों के शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे। जब आसपास पड़े कूड़े-करकट को हटाया गया तो सांप के बच्चों के साथ एक बड़ा कोबरा भी दिखाई दिया, जो देखते ही देखते दीवार की दरार में छिप गया।

घटना की सूचना फैलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौके पर पहुंच गए। इसके बाद जगतुपुर गांव से सपेरा राजित राम कनौजिया को बुलाया गया। उन्होंने घंटों की मशक्कत के बाद एक-एक कर कुल 25 सांप के बच्चों को पकड़कर सुरक्षित डिब्बे में बंद किया।

इसके बाद खपरैल मकान के हिस्से को हटाकर बिल में छिपे बड़े कोबरा (नागराज) को भी पकड़ लिया गया। सपेरे ने सभी सांपों को सुरक्षित रूप से नजदीकी जंगल में छोड़ दिया। इस दौरान अधिवक्ता नागेन्द्र यादव, राम आसरे यादव एवं रमापति विश्वकर्मा सहित कई ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग करते रहे। घटना को लेकर पूरे गांव में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। 

सांप कितने खतरनाक होते हैं?

वास्तव में सांप उतने खतरनाक नहीं होते, जितना लोग उन्हें समझते हैं। लेकिन उनकी कुछ प्रजातियां बहुत ज्यादा विषैली होती हैं और उनसे इंसान की जान जा सकती है। भारत में 300 से ज्यादा सांपों की प्रजातियां पाई जाती हैं लेकिन जहर कुछ में ही होता है। 

ज्यादातर सांप जहरीले नहीं होते हैं। बल्कि वे चूहों, कीड़ों आदि को खाकर जीवन जीते हैं। सांप आमतौर पर इंसानों से दूर रहते हैं और केवल तभी काटते हैं, जब उन्हें इंसानों से खतरा महसूस होता है।

भारत में सबसे खतरनाक सांपों में रसेल वाइपर, कॉमन क्रेट, कोबरा और सॉ-स्केल्ड वाइपर होता है। (रिपोर्ट- मिनतुल्लाह)

ये भी पढ़ें- 

बेटे की सांसों के लिए मां ने दांव पर लगा दी अपनी जान, सांप ने डसा तो मुंह से जहर चूसकर निकाला; दोनों की हालत गंभीर