1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पीलीभीत की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई के दिए निर्देश

पीलीभीत की वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग ने कार्रवाई के दिए निर्देश

पीलीभीत की मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जांच कराई। जांच में कुछ वोटर आईडी नंबर पर दूसरे मतदाताओं का विवरण दिखाई देने की पुष्टि हुई।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) प्रतीकात्मक फोटो

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले की 127-पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी सामने आने के बाद चुनाव विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार यानी 21 अक्टूबर को कांग्रेस की ओर से इस मामले में शिकायत की गई थी। शिकायत में मतदाता सूची में दर्ज कुछ मतदाताओं के वोटर आईडी कार्ड (EPIC) नंबर पर ऑनलाइन सर्च करने पर किसी दूसरे मतदाता का विवरण दिखाई देने का मुद्दा उठाया गया था।

ऑनलाइन सर्च करने पर दूसरे मतदाताओं की जानकारी प्रदर्शित

शिकायत का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने तत्काल जांच कराई। जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत से मिली रिपोर्ट के अनुसार, जांच में पाया गया कि कुछ मतदाताओं के EPIC नंबर ऑनलाइन सर्च करने पर दूसरे मतदाताओं की जानकारी प्रदर्शित हो रही थी।

जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई के निर्देश

मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में मिली गड़बड़ियों को तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) और वीआरसी ऑपरेटर को तत्काल मतदाता सूची के काम से हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

इनके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, इस विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के लिए स्पष्ट रिपोर्ट मांगी गई है।

दो दिन में जांच रिपोर्ट देने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत को जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की इस बिंदु पर गहन जांच कर दो दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी अपने-अपने जिलों की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों की जांच करने और दो दिन के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं।

मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ी सामने आने के बाद अब पूरे प्रदेश में इस मामले की जांच की जाएगी। अधिकारियों को त्रुटियों को दूर करने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें-

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में अब तक 10 आरोपियों के नाम आए सामने, जानिए किसकी क्या रही भूमिका

गुजरात सरकार का बड़ा फैसला, अब बिना इजाजत स्कूल में एंट्री नहीं, फोटो-वीडियोग्राफी पर भी रोक