हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां बच्चे से क्रूरता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, हापुड़ जिले के धौलाना थाना क्षेत्र के इस वीडियो ने लोगों को विचलित कर दिया है। यहां शेखपुरा खिचरा गांव में एक दुकानदार ने 7 साल के मासूम बच्चे को चालू डीप फ्रीजर में बंद कर दिया। आरोप है कि बच्चे ने दुकान से कुछ सामान उठाया था, जिसे चोरी का नाम देकर दुकानदार ने उसे तालिबानी सजा दी। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
चोरी के शक में बच्चे को पकड़ा
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी युवक, बच्चे को भद्दी गालियां दे रहा है और रोते-बिलखते बच्चे को जबरन फ्रीजर के अंदर डालकर ऊपर से ढक्कन बंद कर देता है। इस अमानवीय कृत्य के दौरान मासूम बच्चा फ्रीजर के अंदर से अपनी जान बचाने की गुहार लगाता रहा और बुरी तरह चीखता रहा। बताया जा रहा है कि काफी देर तक ठंडे फ्रीजर में बंद रहने के कारण बच्चे की शारीरिक स्थिति बिगड़ने लगी थी और वह गंभीर मानसिक आघात में चला गया था। आरोपी ने न केवल बच्चे की जान जोखिम में डाली, बल्कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर उसे प्रताड़ित करने का आनंद भी लिया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना का वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस मामले में कार्रवाई की और आरोपी दुकानदार आजाद पुत्र जाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 मार्च 2026 की है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसे सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। (इनपुट- निशांक शर्मा)
यह भी पढ़ें-
शख्स ने 4 साल के मासूम को सड़क पर सिर के बल पटका, पिता से हुआ था विवाद