1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. होटल में बिना किराया दिए 18 दिनों से ठहरे फर्जी विधायक को पुलिस ने पकड़ा, जानिए पूरा मामला

होटल में बिना किराया दिए 18 दिनों से ठहरे फर्जी विधायक को पुलिस ने पकड़ा, जानिए पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, विनोद ने खुद को विधायक बताया और धौंस देकर 18 दिन से बिना किराया दिए होटल में ठहरा हुआ था। जब होटल मालिक पवन ने भुगतान मांगा, तो विनोद ने कथित तौर पर अपना प्रभाव दिखाने की कोशिश की।

UP Police- India TV Hindi
Image Source : PTI यूपी पुलिस

आगरा (उप्र): आगरा जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने कथित तौर पर विधायक बताकर होटल के कमरे का बिना किराया दिए 18 दिनों तक रहने को लेकर दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी विनोद और उसके साथी मनोज को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, विनोद ने खुद को विधायक बताया और धौंस देकर 18 दिन से बिना किराया दिए होटल में ठहरा हुआ था। जब होटल मालिक पवन ने भुगतान मांगा, तो विनोद ने कथित तौर पर अपना प्रभाव दिखाने की कोशिश की। बाद में पवन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 

दो लोग 18 दिनों से होटल में ठहरे हुए थे

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) इमरान ने कहा,‘‘होटल मालिक ने शिकायत की थी कि दो लोग 18 दिनों से ठहरे हुए थे और उनमें से एक खुद को विधायक बता रहा और किराया देने से इनकार कर रहा। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस मौके पर पहुंची।’’ उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान, पुलिस को पता चला कि विनोद विधायक नहीं है, जिसके बाद दोनों को हिरासत में ले लिया गया। इमरान के अनुसार उनके पास से "सांसद" लिखी और हूटर लगी एक कार भी बरामद की गई है, जिसे जब्त कर लिया गया है। जांच में यह भी पता चला कि दोनों ने हाल के दिनों में कई दुकानों और रेस्टोरेंट में जाकर कथित तौर पर अपनी फर्जी पहचान का दिखावा किया था। पुलिस ने बताया कि दोनों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। 

29 अक्तूबर को स्कॉर्पियो कार से पहुंचा था होटल

होटल मालिक ने बताया कि 29 अक्टूबर को एक व्यक्ति दिल्ली नंबर की स्कॉर्पियो कार लेकर आगरा के होटल पहुंचा। कार पर राज्यसभा सांसद लिखा था। उसने खुद को विधायक विनोद कुमार बताते हुए एक कमरा मांगा। कमरा लेने के बाद, वह उसमें स्थायी रूप से रहने लगा। वह 18 दिनों से बिना किराया दिए वहां रह रहा था।

इसके अलावा, वह आस-पास के रेस्टोरेंट और होटलों से बिना पैसे दिए खाने-पीने का सामान मंगवाता था। हद तो तब हो गई जब वह एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक कार्यक्रम में वीआईपी बनकर आया। स्टाफ को धमकाते हुए उसने कहा कि अगले दिन से वह खुद क्रिकेट खेलने आएगा, और व्यवस्था कर ली जाए।इसके बाद उसने एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उसने खुद को विधायक आगरा बताया। उसकी कार पर राज्यसभा सांसद लिखा है। (इनपुट-भाषा)