यूपी में गोतस्करों पर पुलिस की ओर से लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। अब बहराइच पुलिस को इस मामले में सफलता मिली है। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात करीब एक बजे पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान मुठभेड़ में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी पर पहले भी गोकशी के कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस मिली थी गोपनीय जानकारी, इसी आधार पर लिया गया एक्शन
जानकारी मिली कि 24 सितंबर को शाहपुर खुर्द में गोवंश के अवशेष मिलने पर थाना मोतीपुर में मुकदमा संख्या 418/2026 दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फिर से गोकशी की घटना को अंजाम देने वाले हैं। इस पर जोगनिया बैराज मार्ग पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक आरोपी के पैर में लग गई।
अभी पकड़े गए आरोपियों पर पहले ही दर्ज हो चुका है मामला
मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी व आयुष विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू निवासी बालापुर, शहजाद उर्फ कलूटे निवासी उचवा बालापुर और सोनू निवासी खैरी के रूप में हुई है। उनके पास से एक तमंचा, कारतूस, 1940 रुपये नकद, एक बाइक, तराजू-बांट, लकड़ी का ठीहा और तीन चाकू बरामद हुए हैं। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी गोकशी के मुकदमे दर्ज हैं। आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी
बहराइच से बच्चे भारती की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
प्रेम प्रसंग से नाराज परिजनों ने निकाली जिंदा बेटी की 'शव यात्रा', तेरहवीं की भी तैयारी
प्रयागराज में ट्रेन पलटाने की साजिश? DFC ट्रैक पर रखी 7 फीट लंबी लोहे की रेलिंग, टकराया इंजन