1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली में सियासी हलचल, बीजेपी छोड़ने के बाद सपा नेताओं संग दिखे पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप

बरेली में सियासी हलचल, बीजेपी छोड़ने के बाद सपा नेताओं संग दिखे पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप

बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप सपा नेताओं के साथ नजर आए हैं। वह बरेली में सपा नेता डॉ. अनीस बेग के जन्मदिन समारोह में शामिल हुए।

Dharmendra Kashyap- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT धर्मेंद्र कश्यप

उत्तर प्रदेश की राजनीति और खासकर बरेली के सियासी गलियारों में इस समय जबरदस्त गर्माहट देखने को मिल रही है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से इस्तीफा देने का ऐलान करने के बाद आंवला के पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप अब समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं के साथ नजर आए हैं। हाल ही में वह बरेली में सपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अनीस बेग के जन्मदिन के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सपा जिलाध्यक्ष समेत पार्टी के कई बड़े नेताओं के साथ मिलकर केक काटा और जमकर तस्वीरें खिंचवाईं।

सोशल मीडिया पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक अटकलें

इस पूरे वाकये को और हवा तब मिली जब धर्मेंद्र कश्यप ने इस जन्मदिन समारोह की तस्वीरें खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कर दीं। बीजेपी को आधिकारिक तौर पर छोड़ने के ठीक बाद सपा के मंच पर उनकी इस तरह मौजूदगी ने राजनीतिक जानकारों को हैरान कर दिया है। इंटरनेट पर तस्वीरें सामने आते ही चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है और यह कयास तेजी से लगाए जा रहे हैं कि वह बहुत जल्द आधिकारिक रूप से समाजवादी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।

बीजेपीसे नाराज थे धर्मेंद्र कश्यप

गौरतलब है कि धर्मेंद्र कश्यप ने हाल ही में बीजेपी से अपनी राहें अलग करने का फैसला सुनाया था। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि पार्टी में उन्हें घुटन महसूस हो रही थी। उनका आरोप था कि 2024 के लोकसभा चुनावों में जिन लोगों ने उन्हें हराने की साजिश रची और विरोध किया, पार्टी अब उन्हीं लोगों को बढ़ावा दे रही है और नए पद सौंप रही है। इसी अनदेखी और कड़वाहट के चलते उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से दूरी बनाने का मन बना लिया।   

हालांकि, डॉ. अनीस बेग के कार्यक्रम में शामिल होने और सपा नेताओं के साथ मंच साझा करने के बावजूद धर्मेंद्र कश्यप की तरफ से समाजवादी पार्टी में शामिल होने की कोई आधिकारिक घोषणा अभी तक नहीं की गई है। लेकिन राजनीति के जानकारों का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले सपा नेताओं के साथ उनकी यह करीबी कोई सामान्य बात नहीं है, बल्कि यह एक बड़ा राजनीतिक संकेत है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप का अगला सियासी ठिकाना कौन सी पार्टी बनती है।

बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

बिजली अधिकारियों की वसूली पर भड़के BJP विधायक ज्ञान तिवारी, बोले- जनता का सब्र टूटा तो बचा नहीं पाओगे

नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, कानपुर की छात्रा के साथ कन्नौज में दरिंदगी का आरोप