लखनऊ: सपा नेता मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। वह महज 38 साल के थे। उन्हें आज सुबह मृत अवस्था में हॉस्पिटल लाया गया। अब उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा, उसके बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।
किस बीमारी से पीड़ित थे?
सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव लंग्स की बीमारी से पीड़ित थे और लंबे समय से लंग्स में क्लॉट था। इसके लिए वह लंबे समय से मेदांता में इलाज भी ले रहे थे। सुबह जब उनकी हालत बिगड़ी तो उन्हें फौरन हॉस्पिटल लेकर जाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव का 3-4 साल से डिप्रेशन का इलाज चल रहा था।
कहां होगा पोस्टमार्टम?
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम KGMU लखनऊ में किया जाएगा। 4 डॉक्टरों की टीम उनका पोस्टमार्टम करेगी और पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
अपर्णा यादव दिल्ली से लखनऊ पहुंचीं
जिस समय प्रतीक यादव की मौत हुई, उस समय अपर्णा यादव दिल्ली में थीं। पति की मौत की खबर सुनकर वह फौरन लखनऊ के लिए निकलीं। ताजा अपडेट ये है कि अपर्णा यादव लखनऊ पहुंच चुकी हैं।
अखिलेश यादव का सामने आया बयान
प्रतीक यादव की मौत पर उनके सौतेले भाई अखिलेश यादव का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा, "प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!"
अखिलेश यादव उस पोस्टमार्टम हाउस भी गए, जहां प्रतीक का पोस्टमार्टम होना है। उन्होंने कहा, "मैंने बचपन से देखा है कि प्रतीक हेल्थ के प्रति जागरूक था। आज हमारे बीच नहीं है। जो कानून कहता है, परिवार के लोग कहते हैं, उस हिसाब से होना चाहिए। लगभग दो महीने पहले मेरी मुलाकात हुई थी, हमने कहा था कि व्यापार को आगे बढ़ाइए।"
प्रतीक के निधन से सपा परिवार में शोक की लहर है। सभी को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये सामने आ पाएगा कि प्रतीक की मौत कैसे हुई।