1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कानपुर में गर्भवती महिला का फंदे से लटकता मिला शव, ढाई साल के मासूम ने पिता को बताया- "मां लटक रही हैं"

कानपुर में गर्भवती महिला का फंदे से लटकता मिला शव, ढाई साल के मासूम ने पिता को बताया- "मां लटक रही हैं"

कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला का फंदे से लटकता हुआ शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 Kanpur- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT महिला का फंदे से लटकता मिला शव

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नरवल थानाक्षेत्र से रविवार की देर शाम एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां पाली खुर्द गांव में 24 वर्षीय गर्भवती महिला साधना का शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। इस घटना की सबसे मार्मिक बात यह रही कि सबसे पहले महिला को उस हालत में उसके ढाई साल के मासूम बेटे ने देखा। मासूम ने पिता से कहा, “मम्मी लटक रही हैं।” इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी और पुलिस के अनुसार मृतक साधना की शादी करीब चार वर्ष पहले ओमप्रकाश नाम के युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों का ढाई साल का बेटा है और साधना दोबारा गर्भवती थीं। पति ओमप्रकाश का कहना है कि रविवार शाम वह घर के दूसरे कमरे में आराम कर रहे थे, जबकि उनकी मां किसी काम से बाहर गई थीं। इसी दौरान बेटा रेयांश उनके पास पहुंचा और मां के फंदे से लटके होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह कमरे में पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को बुलाया।

घटना की सूचना पर नरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। 

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके।

एसीपी का सामने आया बयान

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं सूत्रों के अनुसार मृतका साधना के परिजनों का आरोप है कि ओमप्रकाश और साधना के मध्य काफी समय से लड़ाई झगड़े हो रहे थे जिसकी वजह से साधना ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया है। 

वहीं पुलिस के अनुसार खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, और पुलिस ने किसी की भी हिरासत से इनकार किया है।

घटना के बाद स्थानीय स्तर पर पति ओमप्रकाश से जुड़े वर्ष 2015 के एक पुराने आपराधिक मामले की चर्चा भी शुरू हो गई। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल उस मामले का इस घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध सामने नहीं आया है और जांच केवल मौजूदा साक्ष्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।

गर्भवती महिला की मौत और मासूम बेटे द्वारा सबसे पहले मां को उस हालत में देखे जाने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

आज ही खबर सामने आई थी कि कानपुर में SSC की तैयारी कर रहे 21 साल के छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। (रिपोर्ट- अनुराग श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें-

बेटी हुई तो पत्नी को जहर देकर मार डाला! कानपुर में पति फरार, परिवार ने लगाया हत्या का आरोप