1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी के श्री मनकामेश्वर मंदिर में लागू होगा ड्रेस, मुख्य पुजारी ने बताया क्या पहनना होगा और क्या नहीं

यूपी के श्री मनकामेश्वर मंदिर में लागू होगा ड्रेस, मुख्य पुजारी ने बताया क्या पहनना होगा और क्या नहीं

श्री मनकामेश्वर मंदिर में श्रद्धालु जींस पैंट या छोटे कपड़े पहनकर नहीं जाएंगे। मंदिर में जाने वाले लोगों को ड्रेस कोड का पालन करना होगा।

श्री मनकामेश्वर मंदिर- India TV Hindi
Image Source : ANI श्री मनकामेश्वर मंदिर

प्रयागराज: 11 जुलाई से शुरू हो रहे श्रावण मास में प्रसिद्ध मनकामेश्वर मंदिर परिसर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक (विशेष पूजा) करने के इच्छुक भक्तों को ड्रेस कोड का पालन करना होगा। मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक करते समय महिला भक्तों को साड़ी या सूट पहनना होगा, जबकि पुरुष भक्तों को धोती, कुर्ता और पायजामा पहनना होगा। मनकामेश्वर मंदिर के प्रबंधन ने सावन मास के दौरान रुद्राभिषेक करने के इच्छुक भक्तों के लिए ड्रेस कोड लागू करने का फैसला किया है।

मंदिर के पुजारी ने बताई ड्रेस कोड की वजह

मंदिर के पुजारी श्रीधरानंद जी महाराज ने कहा कि हाल के दिनों में देखा गया है कि भक्तों की प्रार्थना अनुष्ठान का तरीका लगातार बदल रहा है। इसलिए मंदिर में ड्रेस कोड लागू किया गया है। इसे सावन के दौरान सख्ती से लागू किया जाएगा और आगे भी जारी रखा जाएगा। 

मंदिर परिसर में शालीन कपड़े पहनें लोगः पुजारी

श्रीधरानंद महाराज ने कहा कि मंदिर परिसर में अनुचित कपड़ों पर पहले से ही प्रतिबंध है। पुरुषों को शर्ट और फुल पैंट पहनना होगा जबकि महिलाओं को सूट और साड़ी पहननी होगी। मुख्य पुजारी महंत श्रीधरानंद ब्रह्मचारी ने कहा कि भक्तों को भारतीय संस्कृति और परंपरा के प्रति सचेत रहना चाहिए और मंदिर परिसर में रुद्राभिषेक करते समय शालीन कपड़े पहनने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्शन के लिए आने वाले अन्य भक्तों के लिए कोई ड्रेस कोड नहीं होगा। हालांकि, उन्होंने भक्तों से देवताओं की पूजा करने के लिए मंदिरों में जाते समय पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनने की अपील की।

11 जुलाई से लागू होगा ड्रेस कोड

मंदिर परिसर में यह नया नियम 11 जुलाई से लागू होगा। इसी दिन से सावन महीने की शुरुआत होगी। दरअसल, मंदिर प्रशासन चाहता है कि श्रद्धालु लोग धार्मिक मर्यादा और शुद्धता में रहें। पुजारियों को कहा गया है कि वे ड्रेस कोड का सख्ती से पालन कराएं।

(एएनआई इनपुट के साथ)