1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्राथमिक विद्यालय बना तालाब, जलभराव के बीच पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

प्राथमिक विद्यालय बना तालाब, जलभराव के बीच पढ़ने को मजबूर नौनिहाल

महोबा में तीन दिन से हो रही लगातार बारिश से मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। कबरई के राजीव नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय का पूरा परिसर पानी से भर गया है।

Primary Scchool - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्राथमिक विद्यालय बना तालाब

महोबा में तीन दिन से हो रही लगातार बारिश ने कबरई के राजीव नगर स्थित प्राथमिक विद्यालय की बदहाल व्यवस्था को सामने ला दिया है। तेज बारिश के बाद स्कूल का पूरा परिसर पानी से भर गया है। हालात ऐसे हैं कि विद्यालय का मैदान और आसपास का इलाका किसी तालाब जैसा नजर आ रहा है। पानी के बीच स्कूल पहुंचना बच्चों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी परिसर में चलने वाला आंगनबाड़ी केंद्र भी जलभराव की चपेट में आ गया है, जहां बच्चों के लिए रखी खाद्य सामग्री भी खराब होने लगी है।

प्राथमिक विद्यालय में जलभराव

बारिश के बाद विद्यालय के प्रवेश मार्ग से लेकर परिसर तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। ऐसे में छोटे बच्चों को स्कूल पहुंचने और कक्षाओं तक जाने में परेशानी हो रही है। जलभराव के कारण फिसलने और अन्य हादसों का खतरा भी बना हुआ है। अभिभावक भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहन बाबू का कहना है कि यह समस्या इस साल पहली बार नहीं आई है। हर बरसात में स्कूल परिसर में पानी भर जाता है। उनका दावा है कि जलनिकासी की व्यवस्था कराने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका। इस बार लगातार बारिश होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

खाद्य सामग्री भी होने लगी है खराब

स्कूल परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति भी चिंताजनक है। जलभराव के कारण केंद्र में बच्चों के लिए रखी खाद्य सामग्री खराब होने लगी है। इससे बच्चों की पढ़ाई के साथ उनके पोषण से जुड़ी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होने से पहले ही जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जानी चाहिए थी, ताकि हर साल पैदा होने वाली समस्या से बच्चों को बचाया जा सके।

इस बीच जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल मिश्रा ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण जिले के कुछ निचले इलाकों में स्थित विद्यालयों में जलभराव की सूचना मिली है। बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ऐसे विद्यालयों के विद्यार्थियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया जा रहा है और साफ-सफाई की व्यवस्था भी कराई जा रही है।

(रिपोर्ट: शांतनु सोनी)

यह भी पढ़ें:

यूपी-एमपी और बिहार में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, दिल्ली में बूंदाबांदी के आसार

UP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 17 IAS अधिकारियों का तबादला, देखें पूरी List