1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मोहर्रम से पहले कुंडा में प्रशासन का बड़ा एक्शन, राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह 2 दिन के लिए नजरबंद

मोहर्रम से पहले कुंडा में प्रशासन का बड़ा एक्शन, राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह 2 दिन के लिए नजरबंद

प्रतापगढ़ के कुंडा में मोहर्रम को लेकर प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। कुंडा विधायक राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को दो दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है।

Raja Bhaiya- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT/PTI राजा भैया के पिता नजरबंद

प्रतापगढ़ जिले के कुंडा से बड़ी खबर सामने आई है। राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह को 2 दिनों के नजरबंद किया गया है। कुंडा में मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह बड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने यह सख्त एक्शन धारा-163 के तहत जारी किया गया है। राजा भैया के पिता ही नहीं बल्कि उनके 12 समर्थकों को घर में नजरबंद किया गया है। इन सभी पर अगले 40 घंटों तक घर से बाहर निकलने पर रोक रहेगी। ऐसे में भदरी किले के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस अलर्ट मोड पर है और प्रशासन का दावा है कि मोहर्रम के जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

कई सालों से जारी है सिलसिला 

बता दें, पिछले कई सालों से प्रशासन महर्रम के दौरान राजा भैया के पिता को घर में नजरबंद करता आया है। इस साल भी ये सिलसिला जारी है। दरअसल, मोहर्रम जुलूस के दौरान राजा भैया के पिता हनुमान मंदिर पर भंडारे का ऐलान करते हैं। मोहर्रम का जुलूस भी मंदिर के रास्ते निकलता है। ऐसे में इलाके में सुरक्षा व्यस्था को देखते हुए प्रशासन हर साल भंडारे की परमिशन नहीं देता है और एहतियात के तौर पर राजा भैया के पिता को नजरबंद करने की कार्रवाई करता है। 

बताया जाता है कि राजा भैया के पिता को नजरबंद करने का सिलसिला साल 2012 से जारी है। कुंडा के शेखपुर गांव में हनुमान मंदिर के निर्माण और मोहर्रम के दिन भंडारे के आयोजन को लेकर जबरदस्त विवाद हुआ था। इसके बाद से हर साल मोहर्रम के दौरान प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरतता है।। इसी के चलते राजा भैया के पिता और उनके समर्थकों को भी नजरबंद कर दिया जाता है।

गौरतलब है कि प्रतापगढ़ के कुंडा में राजा भैया और उनके पिता का अच्छा-खासा रसूख है। राजा भैया साल 1993 से लगातार 7 बार कुंडा से विधायक का चुनाव जीतते हुए आए हैं। राजा भैया कई बार यूपी सरकार में मंत्री भी रहे हैं।  यही वजह है कि राजा भैया उनके परिवार का इस इलाके में काफी प्रभाव है। वह समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी दोनों में रह चुके हैं। हालांकि, कई साल पहले उन्होंने अपनी खुद की पार्टी बना ली थी। साल 2018 में उन्होंने जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) पार्टी का गठन किया था।

(रिपोर्ट: बृजेश मिश्र)

यह भी पढ़ें:

बाहुबलियों को हथियार बांटने पर भड़का हाईकोर्ट, बृजभूषण सिंह से लेकर राजा भैया तक का ब्यौरा मांगा

राजा भैया ने मुस्लिमों और संविधान को लेकर दिया ऐसा बयान, छिड़ सकता है बड़ा विवाद, देखें Video