1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. राम मंदिर के सेवादार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला श्रद्धालु को खोजकर लौटाया मंदिर में खोया हार

राम मंदिर के सेवादार ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, महिला श्रद्धालु को खोजकर लौटाया मंदिर में खोया हार

अयोध्या का राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर देशभर में चर्चा में है। इस बीच अयोध्या से ईमानदारी की मिसाल पेश कर देने वाला एक मामला भी सामने आया है। यहां एक सेवादार ने महिला श्रद्धालु को खोजकर उसका खोया हुआ हार वापस किया।

सेवादार ने महिला श्रद्धालु को लौटाया खोया हार।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सेवादार ने महिला श्रद्धालु को लौटाया खोया हार।

अयोध्या: जो लोग चढ़ावा चोरी को सियासी इश्यू बना रहे हैं, रामभक्तों की आस्था को चोट पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें अयोध्या से आई एक खबर जरूर देखनी चाहिए। आज मंदिर के एक सेवादार ने ईमानदारी की मिसाल पेश की। दरअसल, राम मंदिर के एक सेवादार को हीरे से जड़ा सोने का हार मंदिर परिसर में मिला। इस हार की कीमत 20 लाख रुपये से ज्यादा थी। हालांकि सेवादार ने इस हार को अपने पास नहीं रखा। सेवादार ने इमानदारी की मिसाल देते हुए, यह हार जिस महिला का खोया था, उसे खोजा और फिर उसका हार वापस लौटा दिया।

राम मंदिर में गिरा श्रद्धालु का हार

असल में यूपी के मुजफ्फरनगर की रहने वाली एक श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या आई थी। मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ थी। इसी दौरान इस महिला श्रद्धालु का हार टूट कर गिर गया और उसे पता भी नहीं लगा। हालांकि जब मंदिर में भीड़ कम हुई और गैलरी की साफ सफाई का काम चल रहा था तभी मंदिर के सेवादार ध्रुवेश मिश्रा को गोल्ड चेन मिली। इसके बाद ध्रुवेश मिश्रा सोने की चेन लेकर पैसेंजर फैसिलिटेशन सेंटर ऑफिस पहुंचा। उसने पुलिस को पूरी घटना के बारे में सूचना दी। इसके बाद लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कराई गई। इसी दौरान जिस महिला का हार खोया था, वो भी मंदिर के पूरे रास्ते में अपना हार खोज रही थी।

सेवादार ने लौटाया वापस

पुलिस की अनाउंसमेंट सुनकर निर्मला देवी पैसेंजर फैसिलिटेशन सेंटर में पहुंचीं। पुलिस ने महिला का वेरिफिकेशन किया और फिर 20 लाख रुपये की चेन उसे वापस कर दी गई। खोई हुई चेन वापस मिलते ही महिला इमोशनल हो गई। उसने बताया कि ये चेन उसके पति ने गिफ्ट की। अब पति तो इस दुनिया में नहीं हैं, ये उनकी आखिरी निशानी थी, इसलिए उनके लिए सोने की चेन बहुमूल्य है। महिला ने कहा कि उसे उम्मीद नहीं थी कि कोई 20 लाख रुपये की चेन वापस करेगा, लेकिन प्रभु राम की कृपा से और ध्रुवेश मिश्रा की ईमानदारी की वजह से उन्हें अपने पति की आखिरी निशानी वापस मिल गई।

भावुक हुई श्रद्धालु

बता दें कि एक तरफ तो दान पात्र से पैसे की चोरी करने वाले कुछ शैतानों ने अयोध्या को बदनाम किया है। तो वहीं दूसरी तरफ वो सेवादार ध्रुवेश मिश्रा हैं, जिसने हीरे से जड़ा सोने का हार श्रद्धालु को वापस लौटाया। अयोध्या नगरी में ज्यादातर लोग ईमानदार हैं, यही अयोध्या की विरासत है। ध्रुवेश मिश्रा ने इसी इमानदारी की विरासत का प्रमाण दिया है।

यह भी पढ़ें- 

सांप ने डसा तो युवक ने गुस्से में कोबरा को ही काट लिया, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती; नाग की मौत