1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रामनवमी पर संभल के लोगों को सौगात, जामा मस्जिद के सामने बनी सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन

रामनवमी पर संभल के लोगों को सौगात, जामा मस्जिद के सामने बनी सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन

संभल में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जामा मस्जिद के सामने पुलिस चौकी बनाई गई है। इस पुलिस चौकी का नाम सत्यव्रत पुलिस चौकी रखा गया है।

Satyavrat Police - India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सत्यव्रत पुलिस चौकी

रामनवमी के मौके पर संभल के लोगों को प्रशासन की तरफ से खास तोहफा दिया गया है। डीएम राजेंद्र पेशियां ने जामा मस्जिद के सामने बनाई गई सत्यव्रत पुलिस चौकी का उद्घाटन कर दिया है। यह पुलिस चौकी संभल सदर कोतवाली पुलिस थाने के अंतर्गत कार्य करेगी। सत्यव्रत पुलिस चौकी के उद्घाटन समारोह में डीएम, एसपी के अलावा पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान चौकी में पूजा अर्चना की गई।

बीते साल 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान संभल में बवाल हुआ था। इसके बाद से यहां हालात तनावपूर्ण रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने लगातार कार्रवाई कर अपराधियों के हौसले पस्त कर दिए हैं, लेकिन मस्जिद के सामने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस चौकी बनाई गई है। इससे संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मी कम समय में पहुंचे सकेंगे।

संभल में सर्वे के दौरान हुई थी हिंसा

संभल में एक वकील ने स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर कहा था की जामा मस्जिद उसी जगह पर बनी है, जहां पहले हरिहर मंदिर था। स्थानीय अदालत ने मस्जिद के सर्वे का आदेश दिया था। सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी। पुलिसकर्मी और अराजक तत्वों के बीच झड़प में चार लोगों की मौत हुई थी। इसके बाद से प्रशानस ने यहां असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है। वहीं, यहां सालों से बंद करे मंदिर भी दोबारा खुलवाए गए हैं। संभल के प्राचीन कूपों का भी नवीनीकरण किया जा रहा है।

संभल हिंसा में 81 गिरफ्तार

संभल हिंसा मामले में पुलिस अब तक 81 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में पुलिस की जांच का दायरा और बढ़ाया जा रहा है। अगर जांच के दौरान पुलिस को दंगे में बर्क की भूमिका के सबूत मिलते हैं संभल सांसद की मुश्किलें बढ़ना तय है। वहीं नगर पालिका की टीम बर्क के घर और बाहर की नपाई कर चुकी है। रेगुलेशन ऑफ बिल्डिंग एक्ट के मुताबिक अगर जल्द ही जियाउर्रहमान बर्क की तरफ से दस्तावेज जमा नहीं किए गए तो फिर घर पर भी एक्शन हो सकता है।

(संभल से रोहित व्यास की रिपोर्ट)