1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, कानपुर की छात्रा के साथ कन्नौज में दरिंदगी का आरोप

नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, कानपुर की छात्रा के साथ कन्नौज में दरिंदगी का आरोप

कानपुर की एक किशोरी से कन्नौज जिले के तिर्वा में रेप और उसके बाद गर्भपात का मामला सामने आया है। आरोपी किशोरी के रिश्तेदार ही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

symbolic picture- India TV Hindi
Image Source : ANI सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के कानपुर में 16 साल की नाबालिग छात्रा के साथ कथित यौन शोषण और गर्भपात का गंभीर मामला सामने आया है। किशोरी अपनी पढ़ाई के सिलसिले में कन्नौज जिले के तिर्वा में नाना-नानी के घर रह रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में लगने वाले मामा और उसके एक दोस्त ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। लगातार शोषण के चलते किशोरी गर्भवती हो गई। इसके बाद मामले को छिपाने के लिए परिवार के कुछ लोगों की मदद से उसका गर्भपात कराने का आरोप है।

कन्नौज के तिर्वा में दर्ज की गई जीरो एफआईआर

पीड़िता की मां की शिकायत पर कानपुर के रावतपुर थाने में नाना-नानी, रिश्ते के मामा-मामी समेत 10 लोगों के खिलाफ जीरो FIR दर्ज की गई है। तिर्वा में संबंधित थाने से आगे की जांच व कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में कार्रवाई शुरू की है। मामले में यौन शोषण से लेकर गर्भपात कराए जाने तक के आरोपों की जांच की जा रही है।

नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी किशोरी

रावतपुर निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी नाबालिग बेटी कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान रिश्ते में लगने वाले मामा ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामा के एक दोस्त पर भी कई बार यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के मुताबिक, किशोरी डर और दबाव के कारण काफी समय तक किसी को घटना के बारे में नहीं बता सकी। इस बीच उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण जारी रहा। परिजनों को जब उसकी गर्भावस्था की जानकारी हुई, तब मामले ने गंभीर रूप ले लिया।

साढ़े चार महीने से अधिक का गर्भ गिराने का आरोप

पीड़िता की मां का आरोप है कि किशोरी करीब चार महीने 20 दिन की गर्भवती थी। इसके बावजूद मामले को छिपाने के लिए उसका गर्भपात करा दिया गया। इस पूरी घटना में परिवार के कुछ अन्य लोगों की भूमिका होने का भी आरोप लगाया गया है। मां ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर बेटी के साथ हुए कथित अपराध की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब गर्भपात से संबंधित चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। जांच में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि कथित घटनाएं कब हुईं और इसमें किन लोगों की क्या भूमिका रही।

नाना-नानी, मामा-मामी समेत 10 लोगों पर मुकदमा

मामले में रावतपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुल 10 लोगों को आरोपी बनाया है। इनमें किशोरी के नाना-नानी, रिश्ते के मामा-मामी और अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि के लिए पीड़िता के बयान, मेडिकल परीक्षण से संबंधित रिपोर्ट और गर्भपात से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एडीसीपी वेस्ट योगेश कुमार ने बताया कि मामले में प्रार्थनापत्र के आधार पर थाना रावतपुर में जीरो FIR पंजीकृत की गई है, अब आगे की कार्यवाही तिर्वा के संबन्धित थाने से होगी, आगे अब पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की जांच तिर्वा से की जाएगी। 

कानपुर से संवाददाता अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

बिजली अधिकारियों की वसूली पर भड़के BJP विधायक ज्ञान तिवारी, बोले- जनता का सब्र टूटा तो बचा नहीं पाओगे

बवासीर की सिकाई के दौरान शरीर में घुस गया 1.5 किलो का पत्थर, 48 घंटे तक छिपाता रहा युवक, डॉक्टर भी हैरान