1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रेस्तरां स्टाफ के फाड़े कपड़े, लड़कियों पर कसी फब्तियां, कानपुर में हुक्का न मिलने पर दरोगा व सिपाही का तांडव

रेस्तरां स्टाफ के फाड़े कपड़े, लड़कियों पर कसी फब्तियां, कानपुर में हुक्का न मिलने पर दरोगा व सिपाही का तांडव

यूपी के कानपुर में एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया है, जिसने सनसनी सी मचा दी है। यहा पर देर रात एक रेस्तरां में जमकर विवाद हुआ। इस दौरान कर्मचारियों के कपड़े फाड़े जाने और मारपीट का आरोप है। मामला पुलिस से जुड़ा हुआ है।

fierce dispute broke out in a Kanpur restaurant- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कानपुर के रेस्तरां में जमकर विवाद हुआ

उत्तर प्रदेश के कानपुर में हुक्का देने से इनकार किया तो विवाद सड़क पर पहुंच गया। रेस्तरां कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट, कपड़े फाड़ने के साथ ही मोबाइल लेने पहुंचीं युवतियों पर अभद्र टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं। कानपुर के स्वरूप नगर स्थित टर्नऑन रेस्तरां में शनिवार देर रात हुए इस घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। मामले से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। प्रकरण में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर पुलिस विभाग ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

हुक्का देने से मना किया तो भड़का विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार देर रात करीब ढाई बजे चार युवक कार से स्वरूप नगर स्थित रेस्तरां पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों से हुक्का मांगा। रेस्तरां में हुक्का उपलब्ध कराने से इनकार किए जाने पर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों से गाली-गलौज की और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद बढ़ा तो हंगामा रेस्तरां से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। कर्मचारियों के कपड़े फाड़ने और उन्हें पीटने के भी आरोप लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हंगामा रात करीब ढाई बजे से तीन बजे तक चलता रहा। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाए।

मोबाइल लेने पहुंचीं युवतियों पर भी छींटाकशी का आरोप

घटना के दौरान कुछ युवतियां रेस्तरां में अपना मोबाइल फोन लेने पहुंचीं। आरोप है कि हंगामा कर रहे युवकों ने उन पर भी अभद्र टिप्पणियां कीं। इससे मौके पर तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और चर्चा में आ गया। हालांकि, सभी आरोपों की पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर होनी है।

दरोगा और ACP के हमराही की भूमिका पर उठे सवाल

आरोप है कि विवाद में शामिल चार लोगों में एक दरोगा सेंट्रल जोन के थाने में तैनात है, जबकि दूसरा ACP घाटमपुर कृष्णकांत का हमराही बताया जा रहा है। उनके साथ दो अन्य युवक भी मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के दौरान ACP के हमराही ने फोन कर स्वरूप नगर चौकी प्रभारी और थाना पुलिस को मौके पर बुलाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही चारों युवक वहां से चले गए। मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका और घटनाक्रम की जांच शुरू की गई।

जांच ACP स्वरूप नगर को सौंपी गई

मामला सामने आने के बाद DCP सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने जांच ACP स्वरूप नगर ज्योति श्री को सौंपी थी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रथम दृष्टया दोषी मिले दो पुलिसकर्मी, किए गए निलंबित

कमिश्नरेट कानपुर नगर की ओर से जारी मीडिया अपडेट के मुताबिक स्वरूप नगर क्षेत्र के रेस्तरां में हुए विवाद के मामले में प्रथम दृष्टया दोनों पुलिसकर्मियों को दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिस उपायुक्त ने निलंबित कर दिया है। प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल लोगों की भूमिका और आरोपों की पुष्टि जांच के आधार पर की जाएगी। मामले ने एक बार फिर पुलिसकर्मियों के आचरण और अनुशासन को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें 

छत से रस्सी के सहारे उतरा, 18 किलो चांदी बोरे में भरकर ले उड़ा चोर, CCTV में कैद; कानपुर कारखाने में बड़ी चोरी

सावधान... नकली गहनों पर भी असली जैसा हॉलमार्क! कानपुर में बड़े फर्जीवाड़ा नेटवर्क का खुलासा, लेजर मशीन भी बरामद