यूपी के सहारनपुर जिले में हादसा हो गया है और इसमें दो लोगों की मौत हो गई है। दरअसल, थाना बड़गांव इलाके के चिराउ गांव में आज (शनिवार को) नलकूप के पास खोदे गए लगभग 30 फुट गहरे गड्ढे में चाचा-भतीजे की मिट्टी के मलबे में दबकर जान चली गई।
अचानक खिसक गया मिट्टी का हिस्सा
बताया जा रहा है कि ये घटना मिट्टी के धंसने की वजह से हुई है। बड़गांव थाने के एसएचओ नरेंद्र भड़ाना के मुताबिक, आज ग्राम चिराउ के रहने वाले 45 साल के राजेंद्र गड्ढे से ईंटें निकाल रहे थे। इसी दौरान, उनका 12 साल का भतीजा गौरव ऊपर गड्ढे के किनारे पर बैठा हुआ था। तभी अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा खिसका और इसके कारण गौरव भी गड्ढे में गिर गया।
मिट्टी में दबने के कारण हो गई दोनों की मौत
एसएचओ ने आगे कहा कि इस घटना में राजेंद्र और गौरव दोनों की गड्ढे में मिट्टी के मलबे में दबने के कारण मौत हो गई। हादसे के बाद से गांव में अफरा-तफरी मची हुई है। खबर मिलने के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। फिर जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया।
मलबे से निकाले गए लेकिन नहीं बच पाई जान
हालांकि, काफी मशक्कत के बाद राजेंद्र को बाहर निकाला जा सका। इसके बाद उन्हें आननफानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। टीम ने गौरव को निकालने की कोशिश की और इस बात का पूरा ख्याल रखा गया कि मिट्टी में दबे हुए गौरव को कोई नुकसान न पहुंचे।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
फिर, कई घंटे की मेहनत के बाद गौरव को भी बाहर निकालने में कामयाबी मिली। गौरव को भी एंबुलेंस से हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे भी नहीं बचा सके। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूरे गांव में चाचा-भतीजे की मौत से शोक का माहौल है। आज ही सहारनपुर में एक और हादसा हुआ, जिसमें ITBP के DIG की जान की जान चली गई। उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में उनके ड्राइवर की मौत भी हो गई थी।
(इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें- गर्लफ्रेंड के परिजनों ने प्रेमी को पीटा, घायल अमर बहादुर ने अस्पताल में भर दी प्रेमिका की मांग