1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. संत कबीर नगर में सपा सांसद की गाड़ी पर पत्थर से हमला, अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

संत कबीर नगर में सपा सांसद की गाड़ी पर पत्थर से हमला, अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

संत कबीर नगर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान समाजवादी पार्टी के एक सांसद की SUV पर पथराव किया गया, जिससे गाड़ी को नुकसान पहुंचा। यह घटना बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा गांव के पास हुई।

सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की कार पर हमला।- India TV Hindi
Image Source : X/YADAVAKHILESH सपा सांसद लक्ष्मीकांत निषाद की कार पर हमला।

यूपी के संत कबीर नगर में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर हमला हुआ है। ये मामला देर रात का बताया जा रहा है, जब सपा सांसद अपनी गाड़ी से घर की ओर लौट रहे थे। आरोप है कि उसी वक्त भीड़ ने गाड़ी को घेर लिया और उसका शीशा तोड़ दिया। सपा सांसद के मुताबिक पुलिस ने पहले उन्हें सुरक्षित गाड़ी से बाहर निकाला और फिर वो जान बचाने के लिए बाजार की तरफ भागे, जिससे उनकी जान बच गई। आरोप है कि सपा सांसद थाने गए, जहां कोई पुलिसवाला नहीं मिला तो घर चले गए। 

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने किया हमला

खबर है कि गणपति विसर्जन यात्रा अमरडोभा चौराहे पर पहुंची थी, इसी दौरान पुलिस वहां पर बज रहे डीजे को थाने ले जाने लगी। इससे भड़के लोग सड़क पर बैठकर विरोध करने लगे। तभी सांसद की गाड़ी वहां से गुजर रही थी। गुस्साई भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और तोड़फोड़ कर दी। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई। पुलिस के सीनियर अफसर मौके पर पहुंचे। लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। सपा सांसद ने कहा कि उनके ऊपर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। सपा का झंडा देखते ही पथराव तोड़फोड़ शुरू हो गया। 

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। एक्स पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा, "कभी लोधी समाज तो कभी निषाद समाज के नेताओं और जन प्रतिनिधियों को निशाना बनाकर भाजपाई और उनकी भाजपा सरकार दरअसल शक्ति के बल पर ‘पीडीए समाज’ को डराना-धमकाना चाहती है। भाजपा 2024 के लोकसभा में हुई ‘महा हार’ की हताशा से उबरने के लिए लोकतांत्रिक की जगह ‘लठतांत्रिक’ तरीके अपनाना चाहती है। भाजपा की नकारात्मक राजनीति अब और नहीं चलेगी। अबकी बार भाजपा जाएगी तो फिर कभी नहीं आएगी। अब इनकी काठ की हांडी भी जलकर राख हो चुकी है और सामाजिक बंटवारे की राजनीति की आंच भी। अब तो ये लूट-खसोट से कमाई गई लूट की राशि को आपस में बांटने के चक्कर में एक-दूसरे के ‘भ्रष्टाचार व बेईमानी’ के राज-रहस्य उजागर करने में लगे हैं।"

मामले की जांच कर रही पुलिस

संत कबीर नगर के पुलिस अधीक्षक (SP) संदीप कुमार मीणा ने बताया कि पुलिस को सांसद से शिकायत मिली है और वे घटना में शामिल लोगों की पहचान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी।