उत्तर प्रदेश के कानपुर में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं, जबकि हादसे में नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सुबह करीब छह बजे हुआ। यहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे सर्विस लेन में खड़े एक ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसकी छत तक उखड़ गई। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को गाड़ी से निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त टक्कर की आवाज कई सौ मीटर दूर तक सुनाई दी। इसके बाद आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़े तो देखा कि स्कॉर्पियो में सवार लोग बुरी तरह फंसे हुए थे। कई घायल दर्द से कराह रहे थे और मदद की गुहार लगा रहे थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। लंबे रेस्क्यू अभियान के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर कांशीराम अस्पताल भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सिरसा से गया जा रहे थे स्कॉर्पियो सवार 12 लोग
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में करीब 12 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के सिरसा से बिहार के गया जा रहे थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। हालांकि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए पीआरवी-7059 की मदद से करीब 13 किलोमीटर तक पीछा कर महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर ओवरब्रिज के पास उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार चालक की पहचान मिर्जापुर निवासी आदर्श सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह ट्रक को सर्विस लेन में खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ट्रक में आ घुसी। हादसे के बाद वह घबरा गया और वहां से भाग निकला।
पुलिस कर रही है हादसे की जांच
फिलहाल पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ट्रक सर्विस लेन में किस परिस्थिति में खड़ा था और क्या सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। इस भीषण हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। नेशनल हाईवे पर हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का हालचाल जानने हेतु कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह हैलेट अस्पताल पहुँचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
नेशनल हाईवे पर हुई इस दुखद सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का हालचाल जानने हेतु कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह हैलेट अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और डॉक्टर्स को सभी घायलों का बेहतर एवं समुचित इलाज के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को हर संभव प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया।
कानपुर से अनुराग श्रीवास्तव की रिपोर्ट
यह भी पढ़ें
कन्नौज में रेलिंग तोड़कर गंगा नदी में जा गिरा मैदे से लदा ट्रक, ड्राइवर सहित थे 3 लोग थे सवार; 1 लापता
सोनभद्र में नवविवाहित जोड़े की 100 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत, 2 महीने पहले हुई थी शादी