1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक

सपा के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक

पूर्व नेता प्रतिपक्ष और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी का 74 वर्ष की उम्र में PGI लखनऊ में निधन हो गया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चौधरी के निधन पर शोक जताया है।

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोविंद चौधरी - India TV Hindi
Image Source : REPORTER सपा नेता रामगोविंद चौधरी। फाइल फोटो

बलिया/ लखनऊः समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राम गोविंद चौधरी का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि राम गोविंद चौधरी लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और लखनऊ के मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। राम गोविंद चौधरी के निधन की खबर से समाजवादी पार्टी और उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है। बलिया सहित पूरे पूर्वांचल में उनके समर्थकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है।

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रह चुके थे राम गोविंद चौधरी 

राम गोविंद चौधरी समाजवादी राजनीति के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे। वह उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री रहने के साथ-साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा के आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार, वह बांसडीह से आठ बार विधायक रहे और अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे थे।  

अखिलेश यादव ने जताया शोक

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम गोविंद चौधरी के निधन पर शोक जताया है। अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर कहा, ''समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो''। वहीं, सपा के कई नेताओं ने भी चौधरी के निधन पर शोक जताया है।

कौन थे राम गोविंद चौधरी

राम गोविंद चौधरी बलिया के रहने वाले थे। उनका जन्म 7 सितंबर 1953 को गोसाईपुर गांव में हुआ था। उन्होंने 1977 में पहली बार चिलकहर सीट से विधानसभा चुनाव जीता था। उन्होंने 1980, 1985,1989 और 1991 में विधायक चुने गए थे। इसके बाद बांसडीह सीट से वह चुनाव जीते। वे मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री रहे। 2017 में वह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चुने गए। 

इससे पहले आगरा जिले के फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक छोटे लाल वर्मा का निधन हो गया था। छोटे लाल पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। छोटे लाल वर्मा साल 2022 में बीजेपी के टिकट पर विधायक चुने गए थे।

रिपोर्टः अमित कुमार, बलिया

ये भी पढ़ेंः यूपी चुनाव की तैयारियों के बीच सपा-कांग्रेस अलायंस में कहां फंसा पेच? अखिलेश ने बताया सीट शेयरिंग का फॉर्मूला