1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो कारों में भीषण टक्कर, गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा; 3 की मौत, 8 घायल

हापुड़ में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो कारों में भीषण टक्कर, गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा; 3 की मौत, 8 घायल

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 2 कारों के बीच सड़क हादसे में तीन की मौत हो गई और 8 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि गाय को बचाने के चक्कर में यह हादसा हो गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुई टक्कर।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुई टक्कर।

हापुड़: जिले के गढ़ कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ है। हापुड़ के स्याना चौपला के पास हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे ने 3 लोगों की जिंदगी छीन ली। यह हादसा उस समय हुआ जब हाईवे पर अचानक आए एक गोवंश गाय को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार गाड़ियां अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं।

अचानक गाय आने से हुआ हादसा 

प्राप्त जानकारी और पुलिस बयान के अनुसार, दिल्ली से बिजनौर की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो कार के सामने अचानक गाय आ गई। गाय को बचाने के चक्कर में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क के दूसरी तरफ बिजनौर से दिल्ली जा रही एक अर्टिगा कार से टकरा गई। इस दौरान हाईवे से गुजर रहा एक स्कूटी सवार युवक भी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों की चपेट में आकर नीचे दब गया। हादसे में मौके पर ही चीख-पुकार मच गई और तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

कुल 8 लोग हुए घायल

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है,  जबकि अन्य 6 घायलों का इलाज जारी है। मृत व्यक्तियों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

पुलिस ने सुचारु कराया यातायात

दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम और अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला पूरी तरह से एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना प्रतीत होता है, फिर भी पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही।

पुलिस ने दी हादसे की जानकारी

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि स्याना चौपला के पास एक एक्सीडेंट की घटना हुई है। इसमें दिल्ली से बिजनौर जा रही एक स्कॉर्पियो वाहन के आगे गाय आने के बाद उसे बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद स्कॉर्पियो दूसरी तरफ से आ रही अर्टिगा वाहन से टकरा गई। उस वाहन में भी कुछ सवारियां बैठी थीं, जो कि बिजनौर से दिल्ली के लिए जा रही थीं। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई। 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। ये सभी बिजनौर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को मेडिकल कॉलेज मेरठ के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य छह लोगों का इलाज चल रहा है, जिन्हें जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। इस घटना की जांच की जा रही है। (इनपुट- निशांक शर्मा)

यह भी पढ़ें-

छात्रों के मुद्दे पर PM मोदी ने फिर से जारी किया एक और नया वीडियो, आज आएगा पेपर लीक पर कठोर कानून