1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. शिवा शर्मा की मौत मामले में 10 दिन से पुलिस को छका रही श्रद्धा दुबे, तलाश में रायबरेली पहुंची पुलिस

शिवा शर्मा की मौत मामले में 10 दिन से पुलिस को छका रही श्रद्धा दुबे, तलाश में रायबरेली पहुंची पुलिस

शिवा शर्मा की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस रायबरेली पहुंची है। पुलिस श्रद्धा के घरवालों से पूछताछ कर उसकी लोकेशन पता लगाने की कोशिश कर रही है।

फरार श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी पुलिस- India TV Hindi
Image Source : FILE (REPORTER) फरार श्रद्धा दुबे की तलाश में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आरोपी मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे की तलाश में लखनऊ पुलिस रायबरेली पहुंची है। श्रद्धा मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि वह पिछले दिनों रायबरेली आई थी। पुलिस उसके घरवालों से पूछताछ कर उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस पिछले 10 दिनों से जुटी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें लगाई गई हैं। श्रद्धा पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित है और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किया गया है। इसके बावजूद, पुलिस अब तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

पुलिस अधिकारियों पर भी गिरी गाज

इस मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के बीच पुलिस महकमे में भी कार्रवाई हुई है। बीते दिन इंस्पेक्टर हजरतगंज विक्रम सिंह और लखनऊ सेंट्रल के पुलिस उपायुक्त विक्रांत वीर को हटा दिया गया था। आज इलाके के एसपी को भी हटा दिया गया है।

वीडियो जारी कर खुद को बता रही बेकसूर

श्रद्धा दुबे लगातार वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बता रही है। वह कल मीडिया के सामने भी आई और उसने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया। इससे पहले उसके नेपाल में होने की बात सामने आई थी। हालांकि, पुलिस अब उसकी तलाश में रायबरेली में उसके परिजनों से पूछताछ कर रही है।

चौथी मंजिल से गिरकर हुई थी कारोबारी की मौत

लखनऊ के हजरतगंज इलाके में स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में 9 अक्टूबर को करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरने से मौत हो गई थी। इसी मंजिल पर मॉडल और इंफ्लुएंसर श्रद्धा दुबे रहती थी।

शिवा शर्मा की मां ने श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर तनवीर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में श्रद्धा की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मां ने मांगा न्याय

बेटे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर शिवा शर्मा की मां ने मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है। उन्होंने मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

ये भी पढ़ें-

"घर के बाहर खड़ा हूं, ठोक दूंगा", शरद गुट के MLA जितेंद्र आव्हाड को जान से मारने की धमकी

9वीं कक्षा में फेल, वेल्डिंग का काम करता था, अब टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने का आरोप, कौन है रेहान?